Morena: बेटी से दुष्कर्म केस में राजीनामे का दबाव, इंकार करने पर पति ने पत्नी पर तलवार से किया जानलेवा हमला
पीड़िता की तस्वीर
Morena/Manoj Sharma: मुरैना जिले के बानमोर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. फैक्ट्री से ड्यूटी कर टमटम से घर लौट रही 30 वर्षीय महिला श्रमिक पदमा जाटव पर उसके पति प्रेमराज जाटव ने बीच रास्ते तलवार से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेमराज जाटव अपनी सौतेली 12 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा था. महिला द्वारा बयान बदलने से इंकार करने पर आरोपी लगातार मारपीट और धमकी दे रहा था.
पीड़िता पदमा जाटव ने बताया
पीड़िता पदमा जाटव के अनुसार, उसके पहले पति बाबूलाल जाटव की 14 वर्ष पहले सांप के डसने से मौत हो गई थी. इसके बाद उसने करीब 8 वर्ष पूर्व प्रेमराज जाटव से कोर्ट मैरिज की थी. आरोप है कि कुछ समय बाद प्रेमराज ने उसकी नाबालिग बेटी रौनक जाटव के साथ गलत काम किया, जिसका मामला वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है. महिला ने बताया कि आरोपी आए दिन केस वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बनाता था. परेशान होकर वह बच्चों के साथ अलग किराए के मकान में रहकर फैक्ट्री में काम कर अपना जीवन यापन कर रही थी.
9 मई शाम की घटना
घटना 9 मई शाम करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है. पदमा जाटव फैक्ट्री से लौट रही थी, तभी बीआर ऑयल मिल फैक्ट्री के पास आरोपी ने टमटम रुकवाकर तलवार से हमला कर दिया. मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और 112 डायल कर पुलिस के हवाले कर दिया. बानमोर पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर आरोपी प्रेमराज जाटव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: स्प्रे आगे-आगे, मंत्री पीछे- पीछे; अशोक नगर में मंत्री के औचक निरीक्षण से पहले बदबू मिटाने में जुटा अस्पताल स्टाफ