MP विधानसभा का 27 अप्रैल को विशेष सत्र, नारी शक्ति वंदन पर होगी चर्चा, कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश करेगी बीजेपी
मध्य प्रदेश विधानसभा (स्त्रोत - ANI)
MP News: मध्य प्रदेश में एक दिन का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है. 27 अप्रैल को एक दिन का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है. विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी पत्रक के अनुसार यह सत्र प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और कार्य निष्पादन के लिए आयोजित किया जाएगा.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 27 अप्रैल को सत्र की बैठक आयोजित होगी, जिसमें विशेष रूप से नारी शक्ति वंदन, महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है. इसके अलावा अन्य प्रशासनिक और जनहित से जुड़े विषय भी सदन में उठाए जाएंगे. विधानसभा की कार्यवाही निर्धारित समय के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी. सत्र के दौरान सदस्यों के लिए नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा. इसमें विशेष रूप से यह निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी सदस्य असंसदीय भाषा का प्रयोग नहीं करेगा, व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचेगा और बिना अनुमति के किसी विषय पर चर्चा नहीं करेगा.
सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था
सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी. विधानसभा भवन में प्रवेश के लिए अधिकृत पास अनिवार्य होगा और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा. दर्शक दीर्घा और प्रेस के लिए भी निर्धारित दिशा-निर्देश लागू रहेंगे. इसके अलावा सदस्यों को आवश्यक साहित्य और दस्तावेज़ विधानसभा कार्यालय से उपलब्ध कराए जाएंगे. सदस्यों को अपने नाम और पते से संबंधित जानकारी अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि संचार व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
ये भी पढ़ें: इंदौर नगर निगम वंदे मातरम विवाद मामला, कांग्रेस पार्षदों की देवास में हुई सीक्रेट मीटिंग
सत्र हंगामेदार रहने के आसार
विधानसभा सचिवालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि सदन की कार्यवाही से संबंधित दस्तावेज़ और जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे आम नागरिक और जनप्रतिनिधि दोनों अपडेट रह सकें. आगामी सत्र को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है.