‘गंदे पानी की वजह से किसी को नहीं मरने दूंगा…,’ रीवा में इंदौर जैसा मामला, बोरवेल से खराब पानी निकलने पर भड़के महापौर
रीवा महापौर अजय मिश्रा बाबा
Rewa News/रिपोर्ट- संतोष श्रीवास्तव: रीवा शहर के लोग इन दिनों गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. कई घरों में बोरवेल से गंदा पानी निकल रहा है. जिसको पीने से बड़ा हादसा होने की संभावना है. गंदे पानी को लेकर मोहल्लेवासी डरे हुए हैं. कई किराएदार तो ऐसे हैं, जो अपना रूम बदलने के लिए मजबूर हो गए हैं. शहर में गंदे पानी को लेकर महापौर अजय मिश्रा बाबा ने चिंता जताई है और कहा कि मैं किसी को गंदे पानी की वजह से मरने नहीं दूंगा.
बता दें, इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में भी लगभग 3 महीने पहले गंदा पानी पीने से 32 लोगों की जान चली गई थी. रीवा के वार्ड क्रमांक 16 में भी गंदा पानी देखते ही लोगों के अंदर डर पैदा हो गया. लोगों का कहना है कि गंदा पानी की वजह से घर में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है. यहां पर एक-दो नहीं, लगभग आधा दर्जन से ज्यादा बोरिंग पंप में गंदा पानी आ रहा है, जिसके चलते मोहल्ला वासी बेहद परेशान हैं. मोहल्ले के कई ऐसे परिवार हैं, जिन्होंने गंदगी की वजह से अपना घर बदल लिया है. अभी तक लगभग 20 से ज्यादा लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं.
क्या बोले महापौर?
रीवा महापौर अजय मिश्रा ने खुद ही सीवर लाइन योजना पर सवाल खड़े कर दिए. उन्होंने कहा कि यह योजना कभी सफल नहीं हो सकती है. इंदौर जैसा हादसा रीवा में नहीं होगा. रीवा में 182 करोड़ की लागत से सीवर लाइन का काम चल रहा है, जिसमें लगभग 90% कम यानी लगभग 165 करोड़ से ज्यादा का काम पूरा हो चुका है. मैं किसी को गंदे पानी की वजह से मरने नहीं दूंगा.
ये भी पढ़ेंः मजदूरों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में मोदी सरकार! मिल सकते हैं 10,000 रुपए महीना, यहां जानें सबकुछ
सीवर लाइन का कनेक्शन बंद कराया: महापौर
महापौर ने कहा, मैंने सरकार से 20 करोड रुपए गंदे पानी के ट्रीटमेंट के लिए मांगे थे, मुझे मिल गए हैं. वार्ड 16 से जैसे ही शिकायत मिली, मैंने तत्काल सीवर लाइन का कनेक्शन बंद करा दिया है, और पानी का काम देखने वाली कई टीमों को मौके पर भेजा है. नगर निगम की टीम और काम करने वाली कंपनी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अब बड़ा सवाल यह है कि अगर गंदा पानी पीने से किसी को कुछ हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?