तिरंगे में लिपटे शहीद पवन यादव की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब, पत्नी बोली- ‘वो शेर थे, मैं उनका हर वादा निभाऊंगी’

Pawan Yadav martyr: पवन यादव 17 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने की वजह से शहीद हो गए थे.
martyr Pawan Yadav final farewell

शहीद पवन यादव और उनकी पत्नी

Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास जिले से सोनकच्छ क्षेत्र के रहने वाले सेना के जवान पवन यादव शहीद हो गए हैं. 17 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने की वजह से उनका निधन हो गया है. गुरुवार की शाम जब पवन यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पोलाय जागीर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. हजारों की तादाद में आए लोगों ने ‘पवन यादव अमर रहे’ के नारे लगाए.

शहीद पवन यादव के परिजनों ने बताया कि वे घर आने वाले थे. इसके लिए उनकी छुट्टी मंजूर हो गई थी और 1 दिन बाद ही ड्यूटी से घर के लिए रवाना होने वाले थे. प्रतिदिन की तरह परिवार में सबसे फोन पर बातचीत हुई. लेकिन इसके कुछ ही समय बाद यह हादसा हो गया. परिवार में शायद ही किसी को इस बात का अंदाजा भी रहा हो कि यह बातचीत आखिरी होगी.

पत्नी ने दिखाया अदम्य साहस

जब शहीद पवन का शव उनके गांव पहुंचा तो सबकी आंखें नम हो गईं. लेकिन उनकी पत्नी ने अदम्य साहस दिखाते हुए कहा कि मेरे पति शेर थे. वे आंसू नहीं बहाएंगी, बल्कि उन्हें सम्मान और गौरव के साथ विदा करूंगी. उनके हर वादे को पूरा करूंगी. पवन यादव अपने पीछे माता-पिता, बड़े भाई, बहन, पत्नी और दो बेटा छोड़ गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

‘पवन यादव अमर रहे’ के नारे से गूंजा इलाका

पवन के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए आसपास के कई गांवों के लोग पहुंचे थे. हजारों की तादाद में हुजूम उमड़ पड़ा. गुरुवार की शाम उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. फिर उनके पैतृक गांव में ही पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान पूरा इलाका ‘पवन यादव अमर रहे’ के नारे से गूंज उठा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें