MP News: 50 लीटर की टंकी में 60 लीटर डीजल! वाहन मालिक ने लगाया पेट्रोल पंप पर कम नाप और अधिक बिलिंग का आरोप
पेट्रोल पंप पर मचा बवाल
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों के बीच अब पेट्रोल पंपों पर नापतोल में गड़बड़ी के आरोप भी सामने आने लगे हैं. बैरियर स्थित सुभाष पेट्रोल पंप पर एक वाहन मालिक ने डीजल भरवाने के दौरान गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है.
नई कार में डीजल भरवाने पहुंचे थे वाहन मालिक
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विद्युत विभाग के ठेकेदार राकेश परमार अपनी नई कार में डीजल भरवाने के लिए सुभाष पेट्रोल पंप पहुंचे थे. उन्होंने वाहन की टंकी फुल करने के लिए कहा. आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मी ने 50 लीटर क्षमता वाली टंकी में 60 लीटर डीजल भरने का बिल थमा दिया.
टंकी की क्षमता को लेकर उठाए सवाल
राकेश परमार का कहना है कि उनकी कार की कंपनी द्वारा निर्धारित फ्यूल टैंक क्षमता 50 लीटर है. उनका दावा है कि वाहन में पहले से रिजर्व ईंधन भी मौजूद था. ऐसे में 60 लीटर डीजल भरना संभव नहीं है. बिल देखने के बाद उन्होंने पंप प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
नापतोल विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
फरियादी का आरोप है कि जब उन्होंने मामले की शिकायत करने के लिए नापतोल विभाग और एसडीएम कार्यालय के अधिकारियों को फोन लगाया, तो किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद उन्होंने नापतोल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में विभाग की निगरानी प्रभावी दिखाई नहीं देती.
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
घटना के बाद क्षेत्र में पेट्रोल पंपों की नापतोल व्यवस्था और निगरानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
पेट्रोल पंप प्रबंधन का पक्ष आना बाकी
हालांकि, इस मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधन और संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष अभी सामने आना बाकी है. मामले को लेकर लोगों की नजरें अब प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.