Vistaar News के मंच से उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का बड़ा ऐलान, बोले- सभी यूनिवर्सिटी में होगी प्रोफेसर्स की भर्ती, 25 मई तक जारी होंगे विज्ञापन
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार
Vistaar Education Conclave: मध्य प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए विस्तार न्यूज ने अभिनव पहल की है. ‘Vision MP to Lead India’ के उद्देश्य के साथ राज्य को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए विचार और संवाद कार्यक्रम रखा गया. राजधानी भोपाल के होटल हयात में एजुकेशन कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में राज्य सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार शामिल हुए.
‘रिसर्च बेस्ड शिक्षा पर हम कार्य कर रहे हैं’
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए हायर एजुकेशन मिनिस्टर इंदर सिंह परमार ने कहा कि देश में स्थिति की तुलना करते हैं तो जब राष्ट्रीय शिक्षा नीति आयी थी तो मध्य प्रदेश में सबसे पहले NEP लागू हुई थी. तब उसका क्रियान्वयन कैसे हो उसके लिए प्रयास किया जा रहा है. NEP में अपेक्षाएं की गई हैं जैसे सिलेबस में बदलाव, भारतीय ज्ञान परंपरा, रोजागारन्मुखी सिलेबस को शामिल करना है और रिसर्च बेस्ड शिक्षा कैसे बने इसके लिए हमारा उच्च शिक्षा विभाग कार्य कर रहा है.
‘4-5 महीने में हम भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लेंगे’
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि मीडिया में चर्चा होती है कि हमारे विश्वविद्यालयों में बहुत पद खाली हैं. इसके लिए सभी यूनिवर्सिटी के लिए 25 मई तक विज्ञापन जारी होंगे. रोस्टर बन चुके हैं. 4-5 महीने में हम भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लेंगे. शिक्षा व्यवस्था का आधार शिक्षक होता है. हम प्रोफेसर और टीचर की कमी को दूर कर लेंगे. विभाग में जितने पद खाली होते जा रहे हैं उन पर कार्य कर रहा है.