मुरैना में बाइक चोरी का मामला झूठा निकला, युवक ने खुद ही मिठाई की दुकान पर गाड़ी छोड़ दी थी

बताया जा रहा है कि युवक ने जल्दबाजी में बिना जांचे ही बाइक चोरी होने की शिकायत लिखित में दी थी. इतना ही नहीं, मामले को लेकर मीडिया को भी गलत जानकारी दी गई, जिससे कोतवाली परिसर से चोरी की खबर फैल गई.
The incident of theft of a youth's bike in Morena turned out to be false.

मुरैना में युवक की बाइक चोरी की घटना झूठी निकली.

Input- मनोज शर्मा

MP News: मुरैना में सिटी कोतवाली परिसर से बाइक चोरी होने की खबर गुरुवार को पूरे दिन चर्चा में रही, लेकिन करीब 8 घंटे बाद मामला पूरी तरह अलग निकला. युवक जिस बाइक को कोतवाली से चोरी होना बता रहा था, दरअसल वह खुद ही सामने स्थित छप्पन भोग मिष्ठान भंडार पर खड़ी कर भूल गया था.

जानकारी के अनुसार नितेश शर्मा किसी काम से सिटी कोतवाली थाना पहुंचा था. कुछ देर बाद जब वह बाहर निकला तो उसने दावा किया कि उसकी होंडा शाइन 125 सीसी बाइक कोतवाली परिसर से चोरी हो गई है. युवक के आवेदन देने के बाद थाना प्रभारी सहित पुलिस बल सक्रिय हो गया और बाइक की तलाश शुरू कर दी गई.

CCTV खंगालने पर सच्चाई सामने आई

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आया कि फरियादी स्वयं अपनी बाइक लेकर कोतवाली के सामने स्थित छप्पन भोग मिष्ठान भंडार तक गया था. वहां बाइक खड़ी कर वह पैदल ही कोतवाली पहुंच गया. करीब 8 घंटे बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सच्चाई सामने आ गई. बाइक दुकान के बाहर सुरक्षित खड़ी मिली. इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.

पुलिस बोली- शिकायत करने से पहले घटना की पुष्टि कर लें

बताया जा रहा है कि युवक ने जल्दबाजी में बिना जांचे ही बाइक चोरी होने की शिकायत लिखित में दी थी. इतना ही नहीं, मामले को लेकर मीडिया को भी गलत जानकारी दी गई, जिससे कोतवाली परिसर से चोरी की खबर फैल गई. घटना के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना की शिकायत करने से पहले पूरी तरह पुष्टि कर लें, ताकि पुलिस और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें: रायसेन में 40 साल बाद परंपरा दोबारा जिंदा! चांदबड़ में झिरआई फाग की धूम; महिलाएं बरसाती हैं लाठियां, पुरुष करते हैं बचाव

ज़रूर पढ़ें