GT vs SRH: गुजरात के खिलाफ हैदराबाद को लगा डबल झटका, पहले मिली हार फिर कप्तान पैट कमिंस पर BCCI ने ठोका जुर्माना
पैट कमिंस
GT vs SRH: आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को गुजरात टाइटंस के हाथों 82 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर बीसीसीआई का हंटर चला. बता दें, बीसीसीआई ने कमिंस पर 12 लाख का जुर्माना ठोका है. आइए जानते हैं इस बारें में विस्तार से…
पैट कमिंस पर BCCI ने ठोका जुर्माना
दरअसल गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस स्लो ओवर रेट के दोषी पाए गए हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कमिंस निर्धारित समय पर अपनी टीम से पूरे ओवर नहीं करा सके जिसके कारण बीसीसीआई ने उनपर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया है.
आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 के अनुसार इस सीजन यह हैदराबाद की टीम की पहली गलती है, जिसकी वजह से उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
Pat Cummins has been fined INR 12 lakh after SRH maintained a slow over rate last night against GT.#IPL2026 pic.twitter.com/ItLHnSN9h8
— Cricbuzz (@cricbuzz) May 13, 2026
यह भी पढ़ें: पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों को लेकर फैली अफवाहों पर भड़कीं प्रीति जिंटा, जानें क्या है पूरा मामला
कई कप्तानों पर लगा जुर्माना
बता दें, आईपीएल 2026 में पैट कमिंस इकलौते कप्तान नहीं हैं, जो स्लो ओवर रेट के दोषी पाए गए हैं. उनसे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे, मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या, सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, दिल्ली कप्तान अक्षर पटेल पर भी जुर्माना लग चुका है. ये सभी स्लो ओवर रेट के दोषी पाए गए हैं जिसके चलते बीसीसीआई इन सभी पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा चुका है.
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए गुजरात बनाम हैदराबाद मैच की बात करें, तो इस मैच में गुजरात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों से एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की. इस मैच में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उनका यह फैसला टीम पर भारी पड़ा. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए. जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 100 रन भी नहीं बना सकी और पूरी टीम 86 रनों पर ही सिमट गई. गुजरात के लिए कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने घातक गेंदबाजी की और 3-3 विकेट झटके.