जिस लिस्ट मे विराट-रोहित भी नहीं बना पाए जगह, उसमें स्मृति मंधाना की एंट्री, रोनाल्डो-मेसी के साथ जुड़ा नाम

No Virat No Rohit Mandhana Shines: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने
Smriti Mandhana

स्मृति मंधाना

No Virat No Rohit Mandhana Shines: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है. मंधाना को प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन की 2026 के 100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया गया है. खास बात यह है कि इस लिस्ट में वह इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं. विराट कोहली-रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी इस लिस्ट में जगह नहीं बना पाए हैं.

स्मृति मंधाना का रोनाल्डो-मेसी के साथ जुड़ा नाम

भारतीय महिला स्टार क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने टाइम मैगजीन की खास लिस्ट में जगह बना ली है. टाइम की इस लिस्ट में दुनिया भर के उन खास खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जो अपने शानदार प्रदर्शन से आज खेल जगत को बदल रहे हैं. इस लिस्ट में अमेरिकी बास्केटबॉल लीजेंड लेब्रॉन जेम्स, फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और टेनिस सनसनी कार्लोस अल्काराज जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन सभी दिग्गजों के बीच 29 वर्षीय भारतीय स्टार क्रिकेटर ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.

यह भी पढ़ें: IND W vs PAK W: मंधाना-हरमनप्रीत की ऐतिहासिक साझेदारी, पाकिस्तान के खिलाफ रच दिया नया कीर्तिमान

कई बड़े रिकॉर्ड मंधाना के नाम

भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना पिछले कुछ सालों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. क्रिकेट जगत में उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं. वह घरेलू वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं. इसके अलावा वह इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए तीनों फॉर्मैट में शतक जड़ने वाली भारतीय महिला हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम कुल 17 शतक दर्ज हैं. साथ ही स्मृति वनडे क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 से ज्यादा वनडे रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं.

स्मृति मंधाना क्रिकेट करियर

29 वर्षीय भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक कुल 8 टेस्ट मैच में 635 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल है. इसके अलावा 120 वनडे मैचों की 120 पारियों में उन्होंने 5411 रन बनाए हैं, जिसमें 35 अर्धशतक और 14 शतक शामिल हैं. 167 टी20 मैचों की 161 पारियों में स्मृति ने 4401 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 34 अर्धशतक और 1 शतक निकला है.

ज़रूर पढ़ें