योगी के मंत्री संदीप सिंह लेंगे 7 फेरे, मेघना ने विदेश से की है वकालत, कैसे हुई थी पहली मुलाकात
योगी सरकार में मंत्री संदीप सिंह और मेघना की शादी 27 नवंबर को होगी.
School Friends To Life Partners: योगी सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. संदीप सिंह की शादी मेघना चौधरी से होने जा रही है. शादी में शामिल होने के लिए सीएम योगी समेत कई दिग्गजों के निमंत्रण दिया गया है. संदीप सिंह की अगर बात करें, तो वे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते हैं. यहां जानें संदीप सिंह और मेघना की पहली मुलाकात कहां हुई और कौन हैं मेघना चौधरी?
जानकारी के अनुसार, संदीप सिंह और मेघना की पहली मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. जो अब शादी के मंडप तक पहुंच गई. दोस्ती के दौरान शायद खुद ही न सोच पाए रहे होंगे कि आगे चलकर दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन भर का रिश्ता निभाएंगे. स्कूल के पढ़ाई के बाद दोनों के बीच भले ही दूरियां रही हों, लेकिन रिश्तों में नजदीकियां बनी रहीं.
12वीं तक साथ की पढ़ाई
संदीप सिंह की अगर बात करें, तो वे अलीगढ़ जिले की अतरौली सीट से विधायक हैं और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. खास बात ये भी है कि मेघना भी अलीगढ़ से ही ताल्लुक रखती है. मेघना ने 12वीं तक संदीप के साथ पढ़ाई करने के बाद कानून की पढ़ाई के लिए विदेश का रुख किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद जब शादी करने का प्लान दोनों ने अपने परिवारों को बताया तो काफी पारिवारिक अड़चनें भी आईं, लेकिन बाद में दोनों के परिवार मान गए और शादी होने जा रही है.
पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पोते हैं संदीप
मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी नौसेना से रिटायर हुए हैं और उनके पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी का काम करते हैं. वहीं, संदीप सिंह की बात करें, तो वे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते हैं.
एक ही मंच पर दोनों भाई की सगाई
खास बात है कि मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई एक ही मंच पर होगी. संदीप की मेघना से तो सौरभ की अंतरा त्यागी से सगाई हो रही है. यानी एक ही परिवार में एक साथ दो-दो खुशियां मनाई जाएंगी. शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं. मेहमानों और खास लोगों को निमंत्रण भी भेजे जाने लगे हैं.



