Jagdalpur Factory Waste Fire: जगदलपुर में बंद फैक्ट्री से निकल रहे वेस्ट से धधक रही आग, कई ग्रामीण झुलसे, कोई सुनवाई नहीं

Villagers Burned In Blaze: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बंद पड़ी एक केमिकल फैक्ट्री वार्डवासियों के लिए अभिशाप बन गई है. इस केमिकल फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल से लगातार आग धधक रही है, जिसकी चपेट में आसपास खेलने वाले बच्चे आ रहे हैं.

Villagers Burned In Blaze: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बंद पड़ी एक केमिकल फैक्ट्री वार्डवासियों के लिए अभिशाप बन गई है. इस केमिकल फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल से लगातार आग धधक रही है, जिसकी चपेट में आसपास खेलने वाले बच्चे आ रहे हैं, जानकारी के मुताबिक अब तक चार बच्चों के पैर इस आग में बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिसमें दो बच्चों को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं बच्चों के अलावा बड़े भी इस धधकती आग की चपेट में आ रहे हैं. चारों तरफ से यह केमिकल फैक्ट्री खुली होने की वजह से बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ है. वार्ड वासियों का कहना है कि प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

बंद फैक्ट्री से निकल रहे वेस्ट से धधक रही आग

शहर के बलिराम कश्यप वार्ड में स्थित यह केमिकल फैक्ट्री पिछले 30 सालों से बंद पड़ी है ,वार्ड वासियों ने बताया कि इस केमिकल फैक्ट्री में दवाई बनाई जाती थी लेकिन यह फैक्ट्री बंद हो चुकी है. और इसके भवन भी पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो गए हैं. चारों तरफ दीवार भी ढह गई है, सालों से इस केमिकल फैक्ट्री का वेस्ट मटेरियल का ढेर यहां पड़ा हुआ है. अब आलम यह है कि इस वेस्ट मटेरियल के अंदर आग धधक रही है. और आसपास करीब 4 हजार स्क्वायर फीट जमीन को इस वेस्ट मटेरियल से धधक आग ने अपने चपेट में ले लिया है, जमीन के अंदर अंगारे दिख रही है. आसपास के बच्चे खेलते हुए आग उगलती इस वेस्ट मटेरियल के चपेट में आ रहे है. वार्डवासियों ने बताया कि अब तक चार बच्चों के पैर खेलते खेलते इस वेस्ट मटेरियल के अंदर धधकती आग में बुरी तरह से झुलस गए हैं. सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि मवेशी और बड़े भी इसकी चपेट में आ रहे है. जिन बच्चों के पैर इस आग में झुलसे हैं उन्हें महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका ईलाज जारी है.

कई ग्रामीण झुलसे, कोई सुनवाई नहीं

वार्डवासियों ने यह भी बताया कि इस वेस्ट मटेरियल को हटाने या फिर वॉटर केनन की मदद से इसके अंदर आग बुझाने के लिए बोधघाट थाने में लिखित में शिकायत भी दी गयी थी, लेकिन थाना प्रभारी ने बच्चों को इस इलाके में नहीं जाने की सलाह देते हुए उन्हें वापस भेज दिया, वहीं वार्ड वासियों ने वार्ड के पार्षद से भी इस समस्या से निदान दिलाने की मांग की लेकिन वार्ड पार्षद ने भी कोई सुनवाई नहीं की.

ये भी पढ़ें- CG News: विधायक देवेंद्र यादव समेत यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज, जानें क्या है मामला

इस मामले में वार्ड के पार्षद का कहना है कि उन्हें वार्ड वासियों से जानकारी मिली और इसके बाद उन्होंने भी देखा कि केमिकल फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल के अंदर आग धधक रही है, हालांकि यह कैसे संभव है इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है. फिलहाल उन्होंने वार्ड के लोगों को इस इलाके में नहीं जाने की सलाह दी है, और इस मामले में महापौर से बात कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है.

ज़रूर पढ़ें