MP News: 10वीं-12वीं के विद्यार्थी 26 अप्रैल तक कर सकते हैं द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन, मंडल ने आदेश जारी कर बढ़ाई तारीख

MP News: छात्र-छात्राएं 26 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए इच्‍छुक परीक्षार्थी एमपी ऑनलाइन के माध्‍यम से आवेदन कर सकते हैं.
Board of Secondary Education, Bhopal

माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल

MP News: मध्‍य प्रदेश में माध्‍यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्‍कूल और हायर सेकेंडरी में द्वितीय परीक्षा के लिए किए जाने वाले आवेदन की तारीख बढ़ा दी है. अब छात्र-छात्राएं 26 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए इच्‍छुक परीक्षार्थी एमपी ऑनलाइन के माध्‍यम से आवेदन कर सकते हैं. माध्‍यमिक शिक्षा मंडल ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है.

सप्लीमेंट्री सिस्टम समाप्त

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सप्लीमेंट्री सिस्टम को पूरी तरह समाप्त कर दिया है. अब छात्रों को पूरक परीक्षा के लिए लंबे इंतजार से नहीं गुजरना पड़ेगा. पहले एमपी बोर्ड की 10वीं में दो विषय और 12वीं में एक विषय में असफल होने पर ही सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर मिलता था, लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत सभी विद्यार्थियों को ‘द्वितीय परीक्षा’ के जरिए दोबारा मौका दिया जाएगा.

बेहतर अंक होंगे मान्य

नई व्यवस्था में छात्रों को सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि मुख्य परीक्षा और द्वितीय परीक्षा में से जिस परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त होंगे, वही अंतिम रूप से मान्य किए जाएंगे. इससे विद्यार्थियों को अपने परिणाम में सुधार करने का बेहतर अवसर मिलेगा और वे बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपनी तैयारी को मजबूत कर सकेंगे.

परीक्षा तिथियां घोषित

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार 12वीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि 10वीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 तक संपन्न होगी. परीक्षा कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया गया है ताकि छात्र समय रहते अपनी तैयारी कर सकें.

आवेदन प्रक्रिया और जरूरी जानकारी

द्वितीय परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को रिजल्ट घोषित होने के सात दिनों के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा. आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से पूरी की जाएगी. साथ ही, छात्र अधिक जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.mpbse.nic.in⁠ पर जाकर विस्तृत दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकते हैं.

ये भी पढे़ं- MP के स्टूडेंट्स की टेंशन खत्म! 10वीं-12वीं बोर्ड में पास या फेल सबको मिलेगा दूसरा मौका, इस तारीख से होंगी ‘द्वितीय परीक्षा’

ज़रूर पढ़ें