MP News: बैतूल के कुकरू में दो दिन रहेंगे सीएम मोहन यादव, ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद

MP News: मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 और 28 जून को बैतूल जिले के हिल स्टेशन कुकरू के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे.
CM Mohan Yadav

सीएम मोहन यादव

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 और 28 जून को बैतूल जिले के हिल स्टेशन कुकरू के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे वे कुकरू पहुंचकर सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे. इसके बाद ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे. मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी कुकरू में ही प्रस्तावित है.

सुबह करेंगे मेडिटेशन और निरीक्षण

28 जून की सुबह मुख्यमंत्री सनराइज और बुच पॉइंट पर मेडिटेशन करेंगे. इसके बाद स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन, पौधरोपण कार्यक्रम में भागीदारी और कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण करेंगे.

पर्यटन विकास पर रहेगा फोकस

फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में होम स्टे, एडवेंचर टूरिज्म, इको टूरिज्म, कॉफी टूरिज्म और क्षेत्र के समग्र विकास की योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है. साथ ही कोदो-कुटकी की ब्रांडिंग और पेयजल योजनाओं को लेकर भी अहम निर्णय लिए जा सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

जनप्रतिनिधियों से संवाद और ‘मन की बात’

मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण में शामिल होंगे. दोपहर 12.10 बजे वे भोपाल के लिए रवाना होंगे.

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने कुकरू में हेलीपैड तैयार कर लिया है. चौपाल स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर अंतिम तैयारियां पूरी की जा रही हैं. प्राकृतिक सौंदर्य, कॉफी बागानों और ठंडे मौसम के लिए प्रसिद्ध कुकरू को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

ये भी पढे़ं- MP के स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन की कमाई जीरो, हर रोज भर रहा 23 करोड़ का ब्याज

ज़रूर पढ़ें