‘खाना खिलाया था मैंने, वो मेरी मांग पूरी नहीं कर रहा था…’, युवक ने सेक्स करने से मना किया तो सिरफिरे ने कर दी हत्या

Bhopal News: आरोपी ने युवक के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया था. विरोध मिलने पर उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Bhopal News: भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में मिले युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवक के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया था. विरोध मिलने पर उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया.

पुलिस के मुताबिक 24 मई को इकोलॉजिकल पार्क के पास पुलिया के किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था. शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना आसान नहीं था. बाद में जांच के दौरान मृतक की पहचान भोपाल निवासी के रूप में हुई, जो मंडीदीप की एक फैक्ट्री में काम करता था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का मोबाइल फोन गायब है. तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जो एक अन्य व्यक्ति के पास मिला. पूछताछ में उसने बताया कि यह फोन उसने अजय मायना नामक युवक से खरीदा था.

इसके बाद पुलिस ने अजय मायना को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह नशे में मिले युवक के संपर्क में आया था. उसने पहले उसे खाना खिलाया और फिर पुलिया के नीचे ले गया.

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने खाना खिलाने के बाद उससे संबंध बनाने की मांग की लेकिन युवक ने इसका विरोध किया. विरोध होने पर गुस्से में आकर पत्थर से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया.

घटना से पहले शहर में घूमता रहा आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले आरोपी न्यू मार्केट और वीआईपी रोड इलाके में घूमता रहा था. जब उसे वहां कोई नहीं मिला तो वह अपने घर लौटने लगा. इसी दौरान उसकी मुलाकात मृतक से हुई थी.

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी पहले भी इसी तरह के एक मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

मेडिकल परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस उससे घटना में इस्तेमाल किए गए सामान और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढे़ं- रायसेन में मोहर्रम के जुलूस में युवक की हत्या, भगदड़ की स्थिति बनी, भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात; आरोपी गिरफ्तार

ज़रूर पढ़ें