‘बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं’, CM मोहन यादव ने कार में गुनगुनाया गाना, वीडियो की हो रही चर्चा
सीएम मोहन यादव का गाना हुआ वायरल
MP CM Sings In Car: सीएम मोहन यादव का गाना गुनगुनाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है. मुख्यमंत्री कार की फ्रंट सीट पर बैठे हुए हैं और गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं. बुधवार (18 नवंबर) को सीएम मंदसौर दौरे पर थे. कार में सफर के दौरान उन्होंने गाना गुनगुनाया और इसकी रील बनाई. सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. यूजर्स सीएम के गाने की तारीफ कर रहे हैं.
‘बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं…’
वीडियो में मुख्यमंत्री को बॉलीवुड फिल्म ‘समझौता’ का गाना गाते हुए सुना जा सकता है. इस फिल्म का फेमस गाना ‘बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं…’ गाते हुए सुनाई देते हैं. इस गाने की रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. इसके साथ ही लिखा कि मंदसौर के गांधीसागर में विशेष कैबिनेट की बैठक की, जिसमें मध्य प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए.
पोस्ट में आगे लिखा कि बैठक के बाद नीमच जिले के रामपुर स्थित ग्रीनको पावर प्लांट का अवलोकन कर 11,474 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन ‘गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ की एक इकाई का शुभारंभ किया.
CM ने पहले भी गाना-भजन गाया
पहले भी अन्य मौकों पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गाना और भजन गाए हैं. इससे पहले 1 अगस्त 2024 को रक्षाबंधन के अवसर पर लाडली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर के दौरान ‘फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है…’ गाना गाया था. इस गाने को गाकर उन्हें बहनों के प्रति स्नेह व्यक्त किया था.
इसके साथ ही 23 दिसंबर 2025 को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के समाप्ति के बाद परिसर में ही भजन संध्या का आयोजन किया गया. सीएम ने यहां भी आवाज का जादू बिखेरा और भजन गाया. सोशल मीडिया पर ये वायरल हुआ था.



