Bhopal रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार में धुआं; यात्रियों को सांस लेने में हुई दिक्कत
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के जनरेटर कार से धुआं निकलने पर हड़कंप मचा.
Bhopal-Jodhpur Express: भोपाल रेलवे स्ट्रेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भोपाल-जोधपुर एक्स्प्रेस की जनरेटर कार से धुआं निकलने लगा. इसके कारण प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. हालांकि गनीमत ये रही कि रेलवे कर्मचारियों के टेक्निकल स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
प्लेटफॉर्म नंबर 6 से प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचा धुआं
पूरा मामला भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 का है. यहां दोपहर करीब साढ़े 3 बजे खड़ी भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार से अचानक धुआं निकलने लगा. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता धुआं पूरे स्टेशन में फैल गया. धुएं का गुबार प्लेटफॉर्म नंबर एक पर भी पहुंच गया था. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जनरेटर कार से आग की लपटें भी दिखाई दी थीं.
हादसे के वक्त ट्रेन में मौजूद नहीं थे यात्री
रेल अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रेन में यात्री मौजूद नहीं थे. जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया. हालांकि घटना के कारणों का अब तक पता नहीं लग सका है. रेल अधिकारियों की दी गई जानकारी के मुताबिक शुरुआत जांच में पता चला है कि प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के दौरान पावर ऑन किया गया था. तभी आशंका है कि जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट हो गया और तार जलने के बाद धुआं निकलने लगा.
इंजन और कार पावर बदलने के बाद रवाना होगी ट्रेन
रेल अधिकारियों का कहना है कि जब तक ट्रेन की व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर ली जाती हैं, तब तक ट्रेन को रवाना नहीं किया जाएगा. बता दें ट्रेन के जाने का निर्धारित समय शाम साढ़े 4 बजे है. लेकिन ट्रेन का इंजन और कार पावर बदलने के बाद ही इसे रवाना किया जाएगा.