‘करैरा तुम्हारे डैडी का है क्या?’ थार से 5 लोगों को कुचलने वाले बेटे के विधायक पिता की SDOP को खुली धमकी
बेटे के थार चढ़ाने के बाद विधायक प्रीतम लोधी की SDOP को धमकी.
MP News: पहले बेटे दिनेश लोधी ने 5 लोगों को थार से कुचल दिया. अब बेटे के विधायक पिता प्रीतम लोधी एसडीओपी को खुलेआम धमकी दे रहे हैं. पिछोर सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें वह एसडीओपी आयुष जाखड़ के लिए कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि क्या करैरा तुम्हारे डैडी का है?
‘बेटा चुनाव भी लड़ेगा, अगर डैडी में दम हो तो रोक लेना’
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बेटे के थार चढ़ाने के मामले पर एसडीओपी को खुली धमकी दी है. विधायक ने कहा, ‘हमारे बेटे से एक्सीडेंट हुआ. हमने प्रभारी को तुरंत फोन किया कि केस दर्ज करवाओ. प्रभारी थोड़ा हिचक रहे थे, तो हमने एसपी से फोन करवाया कि कार्रवाई करो. एसडीओपी करेरा कहता है कि यहां दिख मत जाना है. वैसे तो मैं कहता नहीं हूं, लेकिन अब कह रहा हूं. बेटा वहां आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा. करेरा क्या तुम्हारे डैडी का है. अगर तेरे डैडी मे दम हो तो रोक लेना.’
‘अपनी औकात में रहो, कानून हमको भी आता है’
प्रीतम लोधी ने कहा कि एसडीओपी सिर्फ पैसों के लिए काम करते हैं. उन्होंने कहा, ‘एक आदिवासी महिला को ट्रक ने कुचल दिया. लेकिन क्या तुमने जांच की. नहीं की, क्योंकि वह गरीब थी. वहां से तुमको कोई पैसा नहीं मिलता है. तुम वहां जाते हो, जहां तुमको पैसा मिलता है. अपनी औकात में रहो और कानून के दायरे में रहो. कानून हमको भी आता है. हमारा इतिहास पता कर लेना. हम जवाब देंगे.
‘SDOP ने एक्सीडेंट केस का कांग्रेसीकरण कर दिया’
एसडीओपी ने मामले का कांग्रेसीकरण कर दिया. इन्होंने ऐसा कर दिया कि कोई आतंकवादी घटना हो. इतने एक्सीडेंट हुए लेकिन आज तक उनकी जांच नहीं की है. अभी सभी जानकारी मंगवाऊंगा की आजतक जितने एक्सीडेंट हुए हैं, उनमें इन्होंने कितने लोगों को पकड़ा और कितनी इनकी सफलता मिली है. मैं सभी केस की जानकारी मंगवाता हूं.’
‘BJP विधायक सत्ता के नशे में चूर हैं’
वहीं बीजेपी विधायक की धमकी के बाद कांग्रेस ने हमला बोला है. कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा है कि बीजेपी विधायक सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं. जिस दिन कानून के चक्कर में फंस गए उस दिन होश ठिकाने आ जाएंगे.
बता दें कि 16 अप्रैल को करेरा इलाके में बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे ने अपनी थार गाड़ी से टक्कर मार दी थी. जिसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इनमें 3 युवक और दो छात्राएं शामिल हैं. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.