मऊगंज में विस्तार न्यूज की खबर का असर, कलेक्टर-SP ब्लैक स्पॉट पर पहुंचे; बरांव मोड़ पर वॉर्निंग संकेतक, बैरिकेडिंग लगाए गए
विस्तार न्यूज पर खबर चलने के बाद कलेक्टर और एसपी ने खुद ब्लैक स्पॉट पर पहुंचकर जायजा लिया.
MP News: मऊगंज जिले में विस्तार न्यूज की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. ‘मौत का चौराहा’ कहे जाने वाले बारांव मोड़ चौराहे को लेकर प्रशासन खुद अलर्ट हो गया है. कलेक्टर और एसपी ने खुद ब्लैक स्पॉट पर पहुंचकर जायजा लिया. बरांव मोड़ चौराहे पर जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा बैरिकेडिंग लगाई गई है. जिससे कि यहां होने वाले सड़क हादसों को रोका जा सका. दावा किया जाता है कि यहां पिछले 3 साल में 40 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं.
विस्तार न्यूज पर खबर चलने के बाद प्रशासन हरकत में आया
पूरा मामला कलेक्ट्रेट के पास स्थित NH-135 का बरांव मोड़ चौराहे का है. ये चौराहा अब लोगों के लिए दहशत और हादसों का पर्याय बन गया है. यहां आए दिन हो रहे सड़क हादसों से पूरे इलाके के लोग खौफजदा रहते हैं. तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर, अनियंत्रित ट्रैफिक और सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी के चलते यह चौराहा अब “ब्लैक स्पॉट” के रूप में बदनाम हो चुका है. विस्तार न्यूज की टीम जब चौराहे पर पहुंची तो स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां से गुजरना मतलब जान हथेली पर लेकर चलना पड़ता है. जिसके बाद विस्तार न्यूज पर खबर चलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर और एसपी ने खुद मामले में संज्ञान लिया.
लोग बोले- स्थाई समाधान की जरूरत
बरांव मोड़ चौराहे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने की पहल की गई. प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है. लेकिन लोगों का कहना है कि स्थाई समाधान की जरूरत है. समाजसेवी विनीत मिश्रा समेत तमाम स्थानीय लोगों ने विस्तार न्यूज के माध्यम से मांग की है कि बरांव मोड़ के पास ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण किया जाए, जिससे कि यहां होने वाले हादसों को रोका जा सके.
ये भी पढे़ं: बड़वानी में किसान ने 4 बीघा बैंगन की फसल पर चलाया ट्रैक्टर, सही दाम ना मिलने से था परेशान, जानवरों को भी खिलाया