धार: रोटी देने की बात पर पिता से भिड़ा कलयुगी बेटा, सिर और मुंह पर 5 वार कर की निर्मम हत्या
पकड़े गए आरोपी की तस्वीर
मध्य प्रदेश के धार जिले से एक हैरान कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां पर रोटी देने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया और सनकी बेटे ने अपने पिता की निर्मम हत्या कर दी. दोनों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने आई चाची पर भी आरोपी ने हमला कर दिया. जिससे वह भी घायल हो गई. इतना ही नहीं आरोपी अपनी दादी को भी मारने के लिए दौड़ा. आइए जानते है क्या है पूरा मामला.
बड़िया धावड़ियापुरा की घटना
ये पूरे घटना धार जिले के गंधवानी के समीप ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा की है. गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के अनुसार, फरियादिया धनीबाई (50) ने पुलिस को बताया कि मृतक गुलाब सोलंकी उनका देवर था. गुलाब की पत्नी का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका है. उसका बेटा कालू पिछले 4-5 वर्षों से मनावर में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है. वह ड्राइवरी का काम करता है. खेती के काम से गांव आने-जाने के दौरान रोटी देने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
रोटी न देने की बात पर हुआ विवाद
बुधवार को भी रोज की तरह शाम करीब 5 बजे गुलाब घर के पास पुहंचा और बेटे कालू से रोटी नहीं देने की बात पूछी. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में आए कालू ने जान से मारने की धमकी देते हुए मोटी लकड़ी से अपने पिता के मुंह और सिर पर चार-पांच वार कर दिए. इस हमले में गुलाब जमीन पर गिर पड़ा और ज्यादा खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी कालू के खिलाफ धारा 296, 115(2) और 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी को गांव छोड़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा अब आगे की कार्रवाई की जा रही है.


