आकाशीय बिजली गिरने से किसान और उसकी बेटी घायल, बड़वानी में 2 बैलों की मौत

हादसे में उनके दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किसान नवविया और उनकी बेटी नानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए.
MP Gajendra Singh Patel and former minister Prem Singh Patel reached the hospital and met the injured.

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने घायलों से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की.

Input- सचिन राठौर

MP News: बड़वानी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से घायल हुए किसान और उनकी बेटी से मिलने मंगलवार दोपहर को पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल और खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल जिला अस्पताल पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया.

खेत में काम करते समय हुआ हादसा

घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे पाटी तहसील के ग्राम पलवट की है. किसान नवविया पिता दुफारिया अपनी बेटी नानी के साथ खेत में बोवनी कर रहे थे, तभी तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई. इस हादसे में उनके दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किसान नवविया और उनकी बेटी नानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए.

आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को पाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

सांसद और पूर्व मंत्री ने घायलों से की मुलाकात

जिला अस्पताल में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने घायलों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में कोई लापरवाही ना हो और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें. जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को शासकीय सहायता के साथ-साथ व्यक्तिगत सहयोग का भी आश्वासन दिया.

इस दौरान दोनों नेताओं ने जिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया.उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना से अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और उपचार संबंधी जानकारी ली. साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

बारिश में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ीं

जिले में लगातार बारिश के कारण प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं. इसी क्रम में, ग्राम वेदपुरी में रविवार रात तेज बारिश से एक कच्चा मकान ढह गया था, जिसके मलबे में दबकर एक गाय की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें: DAP के नाम पर नकली खाद का आरोप, बड़वानी में किसान बोरी लेकर जनसुनवाई पहुंचा; कार्रवाई की मांग

ज़रूर पढ़ें