‘किस हैसियत से PM को चैलेंज कर रहे’, राहुल गांधी के वीडियो पर मंत्री धर्मेंद्र लोधी का पलटवार

Khandwa News: मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने राहुल गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है.
Minister Dharmendra Lodhi

धर्मेंद्र सिंह लोधी

Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर हुंकार भरी. खंडवा अनाज मंडी से निकली इस पदयात्रा में प्रदेश के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल विशेष रूप से शामिल हुए.

इस दौरान मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने राहुल गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. इतना ही नहीं, उन्होंने राहुल गांधी की मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठाए.

भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत खंडवा में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए. भाजपा नेताओं ने पदयात्रा के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता को जागरूक करने का संदेश दिया.

जनता में भ्रम फैलाने का आरोप

मीडिया से चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, न्यायपालिका और कार्यपालिका जैसी संस्थाओं पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है. भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब देगी.

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मंत्री लोधी ने कहा कि राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर भी उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लिया. मंत्री ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया और अब वही पार्टी लोकतंत्र की दुहाई दे रही है.

किस हैसियत से प्रधानमंत्री को चुनौती दे रहे – मंत्री लोधी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी द्वारा चुनौती दिए जाने के सवाल पर भी मंत्री लोधी ने पलटवार किया. उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी किस पद और हैसियत से प्रधानमंत्री को चुनौती दे रहे हैं? ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर ईवीएम सही और हारने पर उसी पर सवाल उठाना कांग्रेस का दोहरा चरित्र है. मंत्री ने दावा किया कि जनता कांग्रेस के इस रवैये का जवाब देगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर सत्ता में लौटेंगे.

खंडवा की इस पदयात्रा के जरिए भाजपा ने जहां अपने अभियान को धार देने की कोशिश की, वहीं मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के तीखे राजनीतिक बयानों ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी का माहौल गरमा दिया है.

ज़रूर पढ़ें