Umaria News: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सुरक्षा पर सवाल? कोर क्षेत्र में बिना परमिट के दौड़ाई इनोवा, वन रक्षक सस्पेंड
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व
Input- चंदन श्रीवास
Umaria News: विश्व विख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है. पार्क के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रवेश द्वार ‘ताला गेट’ से नियमों को ताक पर रखकर एक निजी इनोवा कार दौड़ाने का मामला सामने आया है. इस बड़ी लापरवाही के उजागर होने के बाद पार्क प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गेट प्रभारी वन रक्षक को सस्पेंड कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम को एक निजी इनोवा वाहन, जिसमें तीन पर्यटक सवार थे. पर्यटक बिना किसी वैध अनुमति के टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में दाखिल हो गई. चौंकाने वाली बात यह है कि यह वाहन ड्यूटी पर तैनात बीट गार्ड की मौजूदगी में ही गेट पार कर अंदर चला गया.
नियमों की उड़ी धज्जियां
बता दें बांधवगढ़ के कोर जोन में वन्यजीवों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए केवल पंजीकृत ‘पर्यटक जिप्सियों’ को ही प्रवेश की अनुमति है. किसी भी निजी वाहन का अंदर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. जब यह इनोवा कार जंगल के बीचों-बीच भ्रमण करने लगी, तो वहां मौजूद अन्य जिप्सी चालकों और पर्यटकों के होश उड़ गए.
शिकायत के बाद एक्शन
सफारी कर रहे अन्य लोगों द्वारा पार्क प्रबंधन को इस घुसपैठ की सूचना दी गई. खबर मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत हरकत में आते हुए निजी वाहन को पार्क से बाहर निकलवाया. प्रबंधन ने इस चूक को गंभीरता से लेते हुए ताला गेट के प्रभारी वन रक्षक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यह सुरक्षा में एक गंभीर सेंधमारी है. मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं कि आखिर निजी वाहन को अंदर जाने का मौका कैसे मिला और क्या इसमें किसी अन्य कर्मचारी की मिलीभगत है.