एमपी हाईकोर्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस विवेक रूसिया की नियुक्ति
जस्टिस विवेक रूसिया
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस विवेक रूसिया को नियुक्त किया गया है मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा का सुप्रीम कोर्ट में प्रमोशन होने के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश का पद खाली था जिसके चलते कानून मंत्रालय ने जस्टिस विवेक रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है जिसका आदेश भी जारी कर दिया गया है.
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत की गई है.
वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति होने के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी आदेश में कहा गया है कि न्यायमूर्ति विवेक रूसिया नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति होने तक इस पद के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे. आदेश की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव तथा हाईकोर्ट प्रशासन सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है.
इसी के साथ केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित पांच उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों एवं वरिष्ठ न्यायाधीशों की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है. इन नियुक्तियों में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा का नाम भी शामिल है. कॉलेजियम की सिफारिशों पर मुहर लगने के बाद देश की सर्वोच्च अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ेगी और लंबे समय से लंबित रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी.
न्यायमूर्ति सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट जाने के साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति विवेक रूसिया की नियुक्ति को न्यायिक प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः गुटखा-आइसक्रीम नहीं है, सुनते ही दबंगों ने दुकानदार को लाठी-डंडों पीटा, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा