MP News: बैतूल के घोड़ाडोंगरी में सामूहिक विवाह समारोह में बड़ा हादसा, डीजे वाहन भीड़ में घुसा, कई दूल्हे घायल
मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में हादसा
MP News: बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी में गुरुवार दोपहर आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात निकलते वक्त एक डीजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसा. इस हादसे में दूल्हों सहित कई लोग घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात जैसे ही कार्यक्रम स्थल से ढलान की ओर बढ़ी, तभी डीजे वाहन का संतुलन बिगड़ गया. आशंका जताई जा रही है कि वाहन न्यूट्रल हो गया या उसके ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे बारातियों पर चढ़ गई.
दूल्हा और परिजन गंभीर रूप से घायल
हादसे में मुलताई क्षेत्र के भुवान खापा निवासी 25 वर्षीय दूल्हा अनुल सरोदे गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि वाहन का पहिया उसके पेट के ऊपर से गुजर गया. वहीं उसका चचेरा भाई राहुल (27) भी इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुआ है, जिसके पैर में फ्रैक्चर आया है. इसके अलावा एक अन्य बाराती को भी चोटें आई हैं. सभी घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
जर्जर वाहन पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस वाहन का उपयोग डीजे के रूप में किया जा रहा था, वह पहले से ही खराब और जर्जर हालत में था. उसे संशोधित कर उपयोग में लाया जा रहा था, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था. हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति ऐसी हो गई कि दुल्हन पक्ष को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर अपने गांव लौटना पड़ा. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला.
पूर मामले की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. घटना के समय क्षेत्रीय विधायक भी मौके पर मौजूद थीं. इस बीच समारोह के दौरान एक अन्य घटना में बैंड-बाजे की गाड़ी के अनियंत्रित होने से तीन दूल्हे उसकी चपेट में आकर घायल हो गए, जिससे कार्यक्रम में कुछ समय के लिए रुकावट आ गई. बाद में व्यवस्थाएं सुधारकर कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया गया. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.