Morena: गरीबों के हक पर माफियाओं की नजर, बीच रास्ते से सरकारी गेहूं की बोरियां गायब

Morena: MP के मुरैना से गरीबों का हक मारने का एक मामला सामने आया है. यहां पर अनाज कंट्रोल और सोसायटी पर वितरण के लिए जा रही है अनाज की बोरियों को रास्ते में ही उतार लिया गया.
Morena News

सरकारी गेंहू के बोरियां

Morena: मुरैना में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 12:33 बजे मेन अंबाह रोड पर बालाजी पेट्रोल पंप के आगे मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना में संचालित वाहन MP06Z C4974 को बीच रास्ते रोककर उसमें से गेहूं की बोरियां उतारी गईं. बताया जा रहा है कि यह अनाज कंट्रोल और सोसायटी पर वितरण के लिए भेजा जा रहा था.

गल्ला व्यापारी की दुकान फुल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक और अन्य लोगों द्वारा खुलेआम बीच सड़क पर बोरियां उतारकर पास स्थित एक गल्ला व्यापारी की दुकान पर ले जाकर पहले उसका तराजू से वजन कराया गया ओर उन्हें वही छोड़ दिया गया, आरोप है कि गरीबों के लिए भेजे जा रहे सरकारी राशन को बीच रास्ते में ही बेचने का खेल किया जा रहा था. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी गतिविधि साफ दिखाई दे रही है.

राशन सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी

जानकारी के मुताबिक खाद्य आपूर्ति निगम द्वारा आवंटन के अनुसार गेहूं और चावल विभिन्न कंट्रोल दुकानों और सोसायटियों तक पहुंचाने के लिए परिवहनकर्ताओं की नियुक्ति की जाती है. इन्हें तय सेक्टर के अनुसार राशन सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती है.

जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी?

बताया गया है कि शहर के माता बसैया गोदाम, धौलपुर रोड स्थित गोदाम, केंद्रीय विद्यालय अंबाह रोड के सामने स्थित बड़े गोदाम तथा सेंट्रल वेयर हाउस से सरकारी अनाज का परिवहन किया जाता है. अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर गरीबों के हक का राशन बीच रास्ते में कैसे उतारा गया और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी. मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: Jabalpur Bargi Dam Incident: CM मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान

ज़रूर पढ़ें