Mauganj: नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से हुई मौत, 5 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद झाड़ियों में मिले शव
मऊगंज: नदी में डूबने से दो बच्चों की हुई मौत
Mauganj News: मऊगंज जिले में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव खत्म होने के बाद नदी में नहाने गए दो किशोरों के लिए शनिवार की शाम जिंदगी की आखिरी शाम साबित हुई. मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी तिवारियान गांव में नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में डूबने से दो मासूम किशोरों की मौत हो गई. दोनों 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर पहुंचे थे और भोजन करने के पश्चात नहाने के लिए नदी की ओर चले गए थे. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया.
मृतकों की पहचान प्रकाश सिंह (14), पिता सुरेंद्र सिंह और ऋतिक मिश्रा (13), पिता राजकुमार मिश्रा, निवासी हरदी तिवारियान के रूप में हुई है. दोनों संस्कारधानी विद्यालय में कक्षा छठवीं के छात्र बताए गए हैं.
कार्यक्रम के बाद नदी में गए, फिर नहीं लौटे
जानकारी के मुताबिक शनिवार को दोनों किशोर विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों अपने घर पहुंचे और भोजन करने के बाद नदी में नहाने के लिए निकल गए. नदी में पानी का स्तर अधिक होने के साथ बहाव भी तेज था. इसी दौरान दोनों गहरे पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में समा गए.
किशोरों के वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. कुछ ही देर में नदी में डूबने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तलाश अभियान शुरू किया गया. देर शाम तक लगातार खोजबीन के बावजूद दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका.
अंधेरा बढ़ने पर रोकना पड़ा रेस्क्यू
रात होने और अंधेरा बढ़ने के कारण नदी में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा. इसके बाद रविवार सुबह पुलिस और SDRF की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया. टीम ने नदी के आसपास के हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया. आज सुबह प्रकाश सिंह का शव बरामद कर लिया गया. इसके बाद SDRF की टीम ने दूसरे किशोर ऋतिक मिश्रा की तलाश तेज कर दी.
ये भी पढ़ें: मऊगंज: नईगढ़ी में एक करोड़ 47 लाख के विवाह घर की खुली पोल, बनने से पहले ही भरभराकर गिरे 6 पिलर और दीवार
500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला दूसरा शव
करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ऋतिक मिश्रा का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला. नदी के तेज बहाव में बहकर शव काफी दूर चला गया था. SDRF के अनुसार घटनास्थल पर नदी का रास्ता संकरा और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू बोट से सर्चिंग करने में भी काफी परेशानी सामने आई. इसके बाद टीम के सदस्यों ने पानी में उतरकर कॉम्बिंग शुरू की और नदी के अंदर तथा आसपास के हिस्सों में बारीकी से तलाशी ली. आखिरकार झाड़ियों में फंसे शव को बरामद कर लिया गया.
दो परिवारों में पसरा मातम
दोनों किशोरों की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, हर तरफ मातम छा गया. जिन घरों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के बाद सामान्य माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: Mauganj News: मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के नाम से बनी फर्जी Facebook ID, लोगों से मांगे जा रहे पैसे
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच हुआ यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज बहाव वाली नदियों और गहरे पानी में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है.