Rewa News: पहाड़ा नहीं सुना पाने पर ट्यूशन टीचर और उसके पति ने 6वीं की छात्रा को बेरहमी से पीटा, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
ट्यूशन टीचर ने छात्रा को बेरहमी से पीटा
Rewa News: रीवा से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां ट्यूशन पढ़ने गई एक मासूम छात्रा के साथ कथित मारपीट का आरोप लगा है. आरोप है कि पहाड़ा नहीं सुना पाने पर ट्यूशन शिक्षिका और उसके पति ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, फिलहाल परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
पहाड़ा नहीं सुना पाने पर छात्रा को पीटा
पूरा मामला रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां ट्यूशन पढ़ने गई एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा नियमित रूप से एक ट्यूशन सेंटर में पढ़ने जाती थी. परिजनों का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान छात्रा पहाड़ा नहीं सुना सकी. इसी बात से नाराज़ होकर ट्यूशन शिक्षिका साक्षी चौबे ने कथित रूप से अपने पति गोलू चौबे को बुलाया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर छात्रा के साथ मारपीट की.
परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
परिजनों का दावा है कि मारपीट के दौरान डंडों, लात और घूंसों का इस्तेमाल किया गया, जिससे छात्रा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान आ गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को लेकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई पुलिस के द्वारा की जाएगी.