Satna: स्ट्रेचर नहीं मिला तो अस्पताल के अंदर पहुंचा दिया ई-रिक्शा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सतना: अस्पताल के अंदर पहुंचा दिया ई-रिक्शा
Satna News: (प्रशांत सिंह परिहार की रिपोर्ट) सतना जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई. रविवार (2 अगस्त 2026) को एक इलेक्ट्रिक ऑटो अस्पताल के मुख्य गेट से होते हुए सीधे अस्थि रोग वार्ड के सामने तक पहुंच गया. ई-रिक्शा को वार्ड तक पहुंचता देख अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. बाद में सुरक्षा गार्डों ने चालक को पकड़कर पुलिस चौकी के हवाले कर दिया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है.
स्ट्रेचर नहीं मिला तो ई-रिक्शा अंदर पहुंचाया
ई-रिक्शा में सवार मरीज संतोष अग्रवाल ने बताया कि सड़क हादसे में उनका पैर टूट गया है और खून की कमी के कारण वह वार्ड-4 में भर्ती हैं. उनका ऑपरेशन होना है, लेकिन उन्हें स्ट्रेचर तक पहुंचाने वाला कोई नहीं था. इसी वजह से उन्होंने ई-रिक्शा चालक से वार्ड तक छोड़ने का अनुरोध किया. चालक ने भी मरीज की मजबूरी बताते हुए उसी के कहने पर ऑटो अंदर ले जाने की बात कही.
पहले भी मामला सामने आ चुका है
यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 30 मई को स्ट्रेचर नहीं मिलने पर एक परिजन मरीज को लेने फर्स्ट फ्लोर तक बाइक लेकर पहुंच गया था. उस समय मरीज को रीवा रेफर किया जाना था, इसलिए परिजन को समझाइश देकर छोड़ दिया गया था.
ये भी पढ़ें: Satna Dog Terror: सतना में आवारा कुत्ते का आतंक! एक ही दिन में 40 लोगों को बनाया शिकार
सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अस्पताल के मुख्य और पिछले दोनों गेटों पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहने के बावजूद वाहनों का वार्ड तक पहुंच जाना सुरक्षा में बड़ी लापरवाही माना जा रहा है.