Sagar: ‘एक कचौड़ी दो समोसा, प्रिंसिपल का क्या भरोसा…’, 999 छात्राओं को आई सप्लीमेंट्री, कॉलेज के बाहर हंगामा
छात्राओं का प्रदर्शन, सागर
सागर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने के बाद सोमवार को छात्राओं ने कॉलेज के बाहर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया. छात्राओं का आरोप है कि बड़ी संख्या में छात्राओं को एक साथ सप्लीमेंट्री आने से परीक्षा परिणाम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
999 छात्राओं की आईं सप्लीमेंट्री
जानकारी के अनुसार बीए प्रथम वर्ष की करीब 999 छात्राओं को सप्लीमेंट्री आई है. इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं के सप्लीमेंट्री आने की जानकारी मिलते ही छात्राओं में नाराजगी फैल गई. छात्राएं कॉलेज के बाहर एकत्रित हुईं और धरने पर बैठकर मामले की जांच कराने की मांग की.
पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी-छात्राएं
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के साथ परीक्षा दी थी, लेकिन परिणाम में बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने से वे परेशान हैं. छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन से परिणाम की दोबारा जांच कराने और यदि मूल्यांकन में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो उसे दूर करने की मांग की.
जांच टीम का हुआ गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज की प्राचार्य ने जांच टीम गठित कर दी है. टीम द्वारा छात्राओं के परीक्षा परिणाम और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जाएगी. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने के पीछे क्या कारण रहा. फिलहाल छात्राओं का धरना जारी है और कॉलेज प्रबंधन द्वारा जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है.
ये भी पढे़ं- चित्रकूट का प्रसिद्ध रामघाट फिर से डूबा, खतरे के निशान के पास पहुंची मंदाकिनी, रात भर जागते रहे दुकानदार
158 छात्राएं फेल
जानकारी के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष में करीब 1316 छात्राएं थीं. इनमें से करीब 999 छात्राओं की सप्लीमेंट्री आई हैं. जबकि 158 छात्राएं फेल हुई हैं. इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने की जानकारी मिलते ही नाराजगी फैल गई. छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को लिखित में ज्ञापन भी सौंपा हैं. इससे पहले मई 2026 में नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव/गाडरवारा क्षेत्र में भी 12वीं के रिजल्ट और री-चेकिंग के बाद भी पोर्टल पर अंक अपडेट न होने की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया था.