दो कांड, दो एसपी और फिर इस्तीफा…अनुराग सुजानिया से पहले IPS अभिषेक तिवारी भी छोड़ चुके हैं नौकरी
पूर्व एसपी अभिषेक तिवारी और अनुराग सुजानिया
सागर में दो बड़े हादसों के बाद पुलिस अधीक्षक पद से हटाए गए IPS अधिकारियों के इस्तीफे का मामला एक बार फिर चर्चा में है. वर्ष 2024 में दीवार हादसे के बाद हटाए गए तत्कालीन एसपी अभिषेक तिवारी ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी. वहीं, हाल ही में बंडा शराब कांड के बाद सागर से हटाए गए IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे की खबर सामने आ रही है.
अभिषेक तिवारी कर दिया था रिजाइन
दरअसल, वर्ष 2024 में सागर जिले के शाहपुर में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत हो गई थी. इस दर्दनाक हादसे के बाद तत्कालीन कलेक्टर दीपक आर्य और एसपी अभिषेक तिवारी को पद से हटा दिया गया था. इसके कुछ समय बाद अभिषेक तिवारी ने IPS सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली और दिल्ली चले गए थे.
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई
वहीं, हाल ही में सागर जिले के बंडा में हुए चर्चित शराब कांड के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई थी. इस मामले के करीब एक महीने बाद तत्कालीन एसपी अनुराग सुजानिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल को सागर से हटा दिया गया. चार दिन पहले एसपी पद से हटाए गए अनुराग सुजानिया के इस्तीफे की खबर अब सामने आने के बाद मामला फिर सुर्खियों में है.
दोनों घटनाओं में बड़े पैमाने पर जनहानि
दोनों घटनाओं में बड़े पैमाने पर जनहानि के बाद प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई हुई और अब पुलिस अधीक्षकों के सेवा छोड़ने की घटनाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं. हालांकि, इन इस्तीफों के पीछे के कारणों और आधिकारिक स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों की पुष्टि सामने आना बाकी है.
ये भी पढे़ं- MP में दिलचस्प हुआ राज्यसभा उपचुनाव, हरदीप सिंह पुरी के सामने निर्दलीय प्रत्याशी को कांग्रेस ने दिया सर्मथन



