‘हनुमान अंश’ के भजन गायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, CM मोहन यादव ने किया था मदद का वादा

MP News: बुंदेली गायक सुनील लोधी की सुरीली आवाज ने उन्हें खास पहचान दिलाई है. जन्म से दृष्टिबाधित सुनील ने अपनी प्रतिभा के दम पर गांव के धार्मिक आयोजनों से लेकर फिल्मी दुनिया तक का सफर तय किया है.
Singer Sunil Lodhi with the Collector

कलेक्टर के साथ गायक सुनील लोधी

MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी की सुरीली आवाज ने उन्हें खास पहचान दिलाई है. जन्म से दृष्टिबाधित सुनील ने अपनी प्रतिभा के दम पर गांव के धार्मिक आयोजनों से लेकर फिल्मी दुनिया तक का सफर तय किया है. हाल ही में फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनके गाए भजन ने खूब लोकप्रियता हासिल की. अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप उनके स्वास्थ्य और आंखों की जांच कराई गई है, ताकि उन्हें जरूरत के मुताबिक चिकित्सकीय सहायता मिल सके.

CM मोहन यादव के निर्देश पर हुई जांच

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुछ समय पहले सुनील लोधी से मुलाकात के दौरान उनकी संगीत शिक्षा और समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में सुनील का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. इसके साथ ही डॉक्टरों ने उनकी आंखों की विस्तृत जांच भी की, जिससे उनकी चिकित्सकीय जरूरतों का आकलन किया जा सके.

स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुनील लोधी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से सौजन्य मुलाकात की. इस दौरान कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की. मुलाकात के दौरान सुनील ने अपनी मधुर आवाज में एक भावपूर्ण भजन भी सुनाया. कलेक्टर ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.

कौन हैं सुनील लोधी?

25 वर्षीय सुनील सिंह लोधी सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं. वे जन्म से दृष्टिबाधित हैं, लेकिन उनकी गायकी ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है. धार्मिक आयोजनों और स्थानीय मंचों पर भजन गाने से शुरू हुआ उनका सफर अब फिल्मी संगीत तक पहुंच गया है. उनकी आवाज ने श्रोताओं को प्रभावित किया है और उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है.

‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन ने दिलाई पहचान

फिल्म ‘हनुमान अंश’, जो बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित है, में सुनील लोधी ने बुंदेली भाषा में भजन गाया है. ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ बोल वाला यह भजन सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ. इस गीत पर बड़ी संख्या में रील्स बनाई गईं और लोगों ने उनकी गायकी की जमकर सराहना की. अब स्वास्थ्य जांच और संगीत शिक्षा को लेकर मिल रहे सहयोग से सुनील के लिए अपनी प्रतिभा को और निखारने की उम्मीद बढ़ी है.

ये भी पढे़ं- ‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी देख सकेंगे दुनिया! फिल्म प्रोड्यूसर कराएंगी आंखों का इलाज