MP News: सिंहस्थ 2028 की तैयारियां शुरू, डिंडोरी पुलिस के जवानों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
रिपोर्ट – अनिल साहू
MP News: उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं. इसी कड़ी में डिंडोरी पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर अपने जवानों को प्रशिक्षित करने का अभियान शुरू किया है.
57 वर्ष से कम उम्र के जवानों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जिला पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 57 वर्ष से कम आयु के पुलिसकर्मियों एवं होमगार्ड जवानों को आधुनिक तकनीक, आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जवानों को तैयार करना है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिंहस्थ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जवानों को अभी से प्रशिक्षित किया जा रहा है.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था पर फोकस
अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशिक्षण के माध्यम से जवानों की कार्यक्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि सिंहस्थ 2028 के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था, सुचारू यातायात एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके.
ये भी पढे़ं- उज्जैन के 100 चौराहे होंगे हाईटेक, भीड़ बढ़ने पर इंदौर में रुकेंगे श्रद्धालु, सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां तेज