Satna News: 3 विधानसभा को जोड़ने वाली सड़क बनी कई लोगों की मौत की वजह, प्रशासन नहीं ले रहा कोई सुध

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. बसें और ट्रक पलटने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. जिनमें कई लोगों की मौतें हो चुकी हैं.
The condition of the road connecting 3 assembly constituencies in Satna is bad.

सतना में 3 विधानसभाओं को जोड़ने वाली सड़की स्थिति बदहाल.

MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के सुंदरा से सिंहपुर कोठी-जैतवारा-सिमरिया सड़क मार्ग की जर्जर और बदहाल स्थिति अब पूरे क्षेत्र की जनता के लिए गंभीर संकट बन चुकी है. सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. जिससे आम नागरिकों किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है. यह मार्ग अब सड़क कम और दुर्घटनाओं का कारण अधिक बन चुका है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जहां सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो जाता है.

‘सड़क नहीं पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा’

यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की मुख्य जीवनरेखा है. यह सड़क तीन विधानसभाओं से होकर गुजरती है, जिसमें सतना जिले की रैगांव विधानसभा, चित्रकूट विधानसभा और रीवा जिले की सिमरिया विधानसभा शामिल हैं. इन क्षेत्रों के हजारों लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों के लोग इसी सड़क से शहर पहुंचते हैं. विद्यार्थी स्कूल और कॉलेज जाते हैं, किसान अपनी उपज बाजार तक पहुंचाते हैं और मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं.

यह सड़क विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों चित्रकूट, बिरसिंहपुर गैवीनाथ, मां शारदा देवी मैहर और कालिंजर जैसे पवित्र स्थलों को जोड़ती है. हर वर्ष लाखों साधु-संत, श्रद्धालु एवं पैदल यात्री इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की दुर्दशा के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान जोखिम उठाना पड़ता है.

कई लोगों की मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. बसें और ट्रक पलटने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. जिनमें कई लोगों की मौतें हो चुकी हैं. अनेक लोग घायल हुए हैं और कई लोग स्थायी रूप से विकलांग भी हो गए हैं. कई परिवार आज भी इन हादसों का दर्द झेल रहे हैं. सड़क पर उड़ने वाली धूल और मिट्टी के कारण आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में तकलीफ, एलर्जी और अस्थमा जैसी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है. जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाते हुए कलेक्टर को पत्र लिखकर चर्चा की और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से कहा है कि यह सड़क क्षेत्र की जनता के लिए बेहद आवश्यक है, इसलिए इसे तत्काल चलने योग्य बनाया जाए.

वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के दौरान जानकारी दी गई कि 25 किलोमीटर सड़क की पैचिंग कराई जा चुकी है तथा आगे भी शेष मार्ग पर कार्य कराया जाएगा! लेकिन जब मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी गई, तो केवल कुछ किलोमीटर हिस्से में ही पैचिंग का कार्य दिखाई दिया, जबकि अधिकांश सड़क अब भी बदहाल स्थिति में है. इससे जनता के बीच भारी नाराजगी है और प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

मंत्री हैं क्षेत्र की विधायक

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सड़क मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है. कागजों में कार्य पूर्ण दिखाया गया, लेकिन धरातल पर सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है. जनता पूछ रही है कि यदि लाखों रुपये खर्च हुए हैं, तो सड़क आज भी खस्ताहाल क्यों है.

यह मार्ग रैगांव विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरता है. जहां की विधायक प्रतिमा बागरी प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हैं. इसके बावजूद सड़क की ऐसी बदहाल स्थिति कई सवाल खड़े करती है. क्षेत्र की जनता पूछ रही है कि जब सरकार में प्रतिनिधित्व है, तो फिर विकास कार्य धरातल पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा है.

सड़क से गुजरने वाले जनप्रतिनिधि नहीं देते हैं ध्यान?

इस मार्ग से आए दिन विधायक, सांसद और जनप्रतिनिधियों का आवागमन होता है, लेकिन क्या उन्हें इस सड़क की बदहाल स्थिति दिखाई नहीं देती? जनता सवाल कर रही है कि जब रोज इसी मार्ग से जिम्मेदार लोग गुजरते हैं तो फिर अब तक सड़क सुधार के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए. एक तरफ सरकार दावा करती है कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी हैं, लेकिन सुंदरा से सिंहपुर कोठी-जैतवारा-सिमरिया सड़क मार्ग की वास्तविक स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है. यहां सड़क पर चलना भी मुश्किल है और जनता रोज परेशानी झेल रही है.

कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सड़क को तत्काल मोटरेबल बनाया जाए, शेष मार्ग पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाए और दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए. अब क्षेत्र की जनता सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित सड़क, जवाबदेही और ठोस कार्रवाई चाहती है.

ये भी पढे़ं: MP में भोजशाला फैसले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, पूजा के बाद भक्त बोले- इस दिन को देखने के लिए आंखें तरस गईं

ज़रूर पढ़ें