किसानों के लिए खबर: मिलेगी हर महीने 3,000 रुपए पेंशन, कैसे मिलेगा योजना का फायदा? जानें प्रोसेस
किसानों को मिलेगी 3,000 रुपए पेंशन
PM Kisan Mandhan Yojana: केंद्र सरकार की इस स्कीम की मदद से अब सिर्फ सरकारी नौकरी वालों को ही नहीं, बल्कि किसानों को भी पेंशन मिल सकेगी. यह स्कीम सरकार ने खास तौर पर उन छोटे और सीमांत किसानों के लिए शुरू की है, जिनके पास आय का खेती के अलावा कोई दूसरा साधन नहीं है. किसानों के लिए यह फायदेमंद खबर है. यहां जानें योजना से जुड़ी सभी जानकारी.
केंद्र सरकार ने किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की शुरुआत की है. ताकि भविष्य में किसी किसान को बुढ़ापे के सहारे के लिए परेशान नहीं होना पड़े. यह योजना किसानों के लिए सम्मानजनक जीने का भरोसा देती है और सुरक्षा कवच का काम करती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
यह योजना भले ही किसानों के लिए है, लेकिन इसका लाभ सिर्फ सीमित किसान ही उठा सकते हैं. अगर आप भी इस योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो सरकार की जरूरी शर्तें जानना जरूरी है. आवेदन करने के लिए किसान के पास 2 हेक्टेयर या उससे कम कृषि योग्य भूमि होनी चाहिए. साथ ही आवेदन की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए.
इसके अलावा किसान को पहले से कोई लाभ (ईपीएफओ या सरकारी पेंशन स्कीम) नहीं मिलता हो. इस योजना का लाभ उठाने के लिए 18 साल से 40 साल के बीच की उम्र के किसान 55 रुपए से लेकर 200 रुपए तक प्रीमियम महीने में जमा करके 3,000 रुपए का लाभ उठा सकते हैं.
ये भी पढ़ेंः नौकरीपेशा वालों के लिए खुशखबरी! अब UPI से भी निकाल पाएंगे ईपीएफओ का पैसा; EPFO 3.0 लागू होते ही ज्यादा मिलेगा ब्याज
कितनी मिलेगी पेंशन?
योजना का लाभ 60 साल उम्र पूरी करने के बाद ही मिलेगा. इस दौरान 3,000 रुपए मंथली पेंशन सीधे आपके खाते में भेजी जाएगी. अगर पेंशन पाने वाले किसान की मृत्यु हो जाती है, तो उसकी पत्नी को 50 प्रतिशत पेंशन राशि हर महीने दी जाएगी.
कैसे कर सकेंगे आवेदन?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना में रजिस्ट्रेशन कराना होगा. रजिस्ट्रेशन कराने के लिए सीएससी सेंटर जाएं और वहां पर सभी जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खसरा-खतौनी की नकल जमा करें. आपकी उम्र के हिसाब से प्रीमियम तय होगा. आप प्रीमियम जमा कर योजना का लाभ उठा सकते हैं. इस दौरान आपको एक किसान पेंशन कार्ड मिलेगा, जिस पर यूनिक पेंशन नंबर दर्ज होगा.