आधी रात को बच्चे पहुंचे IAS के घर, बोले- प्लीज डीएम अंकल गांव से पानी निकलवा दो
आधी रात को बच्चे पहुंचे IAS के घर
Villagers Reach IAS Residence Night: ‘डीएम अंकल, हम जाएं तो जाएं कहां… पानी तो निकलवा दो.’ यह बात उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में आधी रात कलेक्टर के घर के बाहर पहुंचे दर्जनों परिवार ने कही. क्योंकि उनका घरों में पानी भर चुका है. घर कैदखाना में तब्दील हो गया. रातभर जगे परिवार के सदस्यों ने एक उम्मीद लिए सीधे कलेक्टर के घर के बाहर पहुंच गए. हालांकि, इस दौरान कलेक्टर अमित आसेरी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सदर एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए.
दरअसल, बांदा जिले में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है. लेकिन उन इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जो थोड़ा निचले स्तर पर बसे हैं. रुक-रुककर हुई बारिश ने इन इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सदर तहसील से सटे कनवारा गांव के धांधू डेरा में हालात इतने खराब हो गए कि ग्रामीणों को रात में ही जिलाधिकारी के पास मदद की गुहार लगाने जाना पड़ा.
घरों के अंदर 2 फीट तक भरा पानी
ग्रामीणों ने कलेक्टर से कहा, लगातार हो रही बारिश के बाद गांव से पानी निकलने का, जो रास्ता था. वह बंद हो गया. जिसकी वजह से बारिश का पानी सीधे घरों में घुसने लगा. घर में पानी घुसने से अनाज, कपड़े और गृहस्थी के सारे सामान खराब हो गए. घरों के अंदर 2 फीट तक पानी भर गया है. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ. जिसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ा.
ये भी पढ़ेंः ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाने पर इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, यूपी सरकार से पूछा- किस आधार पर लिया फैसला?
कलेक्टर ने जलनिकासी की व्यवस्था कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर से मदद की गुहार लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते निदान नहीं किया गया, तो और समस्या बढ़ सकती है. फिलहाल, ग्रामीणों की समस्या पर जिलाधिकारी ने राहत कार्य के आदेश दिए हैं. उन्होंने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था कराई जा रही है. जल्द ही ग्रामीणों को इससे छुटकारा मिल जाएगा.