MP News: ड्यूटी के दौरान सीने में उठा दर्द, मुरैना में ट्रैफिक आरक्षक कुलदीप राठौर की हार्ट अटैक से मौत

MP News: रविवार शाम करीब 9:30 बजे बैरियल चौराहे पर यातायात ड्यूटी के दौरान आरक्षक कुलदीप राठौर के सीने में अचानक दर्द शुरू हुआ
Constable Kuldeep Rathore

आरक्षक कुलदीप राठौर

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना पुलिस के एक जवान की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. ट्रैफिक थाने में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 677 कुलदीप राठौर का रविवार रात कथित रूप से हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने से निधन हो गया.

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 9:30 बजे बैरियल चौराहे पर यातायात ड्यूटी के दौरान आरक्षक कुलदीप राठौर के सीने में अचानक दर्द शुरू हुआ. उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर में अपनी तबीयत खराब होने की सूचना दर्ज कराई और घर चले गए. घर पहुंचने के बाद भी उनका दर्द कम नहीं हुआ.

परिजन लेकर पहुंचे अस्पताल

परिजनों के मुताबिक, कुलदीप ने अपनी पत्नी को सीने में दर्द होने की जानकारी दी. इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका

प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण गंभीर हृदयाघात माना जा रहा है. हालांकि, विस्तृत चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.

पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

मुरैना पुलिस लाइन के रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला ने बताया कि आरक्षक कुलदीप राठौर ट्रैफिक थाने में पदस्थ थे. ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द की शिकायत होने पर वह घर चले गए थे, जहां से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरक्षक कुलदीप राठौर के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है. सहकर्मियों और अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

ये भी पढे़ं- झाबुआ में युवक-युवती ने जहर खाकर जान दी, एक दिन पहले ही घर से भागे थे, साथ जीने-मरने की कसम खाई थी

ज़रूर पढ़ें