Indore News: तुलसी नगर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, पॉश कॉलोनी से चल रहा था अंतरराज्यीय तस्करी का नेटवर्क

Indore News: तुलसी नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब आबकारी विभाग ने एक बड़े अवैध शराब निर्माण और तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए संचालित फैक्ट्री पर छापा मारा.
Accused arrested with the items.

सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार

Indore News: शहर के पॉश इलाके तुलसी नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब आबकारी विभाग ने एक बड़े अवैध शराब निर्माण और तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए संचालित फैक्ट्री पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान 144 बल्क लीटर (16 पेटी) देशी प्लेन मदिरा, शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, उपकरण तथा अन्य सामान जब्त किया गया. इस पूरे मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है.

विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने तुलसी नगर स्थित एक मकान पर दबिश दी, जहां बाहर से सामान्य आवास दिखाई देने वाली जगह के भीतर अवैध शराब निर्माण का पूरा सेटअप संचालित पाया गया.

छापेमारी में मिले लेबल, होलोग्राम और उपकरण

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में तैयार शराब के साथ-साथ पैकिंग सामग्री, लेबल, होलोग्राम और अन्य उपकरण मिले. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामद लेबल और होलोग्राम अंतरराज्यीय स्तर पर इस्तेमाल किए जाने वाले बताए जा रहे हैं. इससे जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह केवल स्थानीय स्तर का कारोबार नहीं, बल्कि कई राज्यों तक फैले एक संगठित शराब तस्कर गिरोह का हिस्सा हो सकता है.

कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि अवैध रूप से तैयार की गई शराब को अलग-अलग ब्रांडों के नाम पर पैक कर बाजार में खपाने की तैयारी थी. यदि यह खेप बाजार तक पहुंच जाती, तो न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता था.

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क किन-किन जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. अंतरराज्यीय लेबल और होलोग्राम की बरामदगी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है. जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढे़ं- धार पुलिस को बड़ी सफलता, घर में हुई चोरी का खुलासा किया; 5 आरोपियों के साथ 40 लाख के जेवर-नकदी बरामद

ज़रूर पढ़ें