योग दिवस पर इंदौर में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 10 हजार लोगों ने 3 मिनट तक भ्रामरी प्राणायाम कर रचा इतिहास
इंदौर में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
Indore Yoga Day World Record: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदौर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए योग के क्षेत्र में देशभर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित योग मित्र अभियान के तहत गोपुर चौराहे पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में 10 हजार योग साधकों ने एक साथ भ्रामरी प्राणायाम कर 3 मिनट 19 सेकंड का एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. इस उपलब्धि के साथ इंदौर ने योग के प्रति अपनी जागरूकता और जनभागीदारी का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया.
इस कार्यक्रम में कौन-कौन शामिल हुए?
कार्यक्रम का आयोजन महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में किया गया. इसमें केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे. सुबह 6 बजे शुरू हुए इस आयोजन में योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया गया. योग प्रशिक्षक चेतना जोशी तिवारी ने साधकों का मार्गदर्शन किया.

‘151 देशों में योग का विस्तार हो चुका है’
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा आज योग के माध्यम से पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रही है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में 151 देशों में योग का विस्तार हो चुका है और यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का वैश्विक स्वरूप है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग ने विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है.

कैबिनेट मंत्री ने किया संबोधित
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, आत्मा और बुद्धि का समन्वय है. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को आत्मिक उन्नति और संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ाता है. आज पूरी दुनिया योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हो रही है.

योग मित्र अभियान की वेबसाइट लॉन्च
कार्यक्रम के दौरान योग मित्र अभियान की अधिकृत वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया. मुख्य अतिथियों ने वेबसाइट लॉन्च कर डिजिटल माध्यम से अधिक लोगों को योग से जोड़ने की पहल को महत्वपूर्ण बताया.

‘पूरे शहर के लिए गौरव का विषय’
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर के 85 वार्डों में 140 से अधिक स्थानों पर प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा लोग योग करते हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बना यह विश्व कीर्तिमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग अभियान और इंदौरवासियों की जनभागीदारी को समर्पित है.
ये भी पढ़ें: International Yoga Day: जबलपुर में हुआ राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया योगाभ्यास
उन्होंने सभी योग साधकों और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग ने इंदौर को स्वस्थ, जागरूक और संगठित समाज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है.