Indore: 11 साल के सुमेध श्रीवास्तव ने रचा इतिहास! वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल, देश का नाम किया रोशन
सुमेध/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज
Indore: देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप 2026 में इंदौर के 11 वर्षीय सुमेध श्रीवास्तव ने इतिहास रच दिया है। नन्हे सुमेध ने मार्शल आर्ट अर्निस में सिल्वर मेडल जीतकर न सिर्फ इंदौर बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। भारत में पहली बार हुई इस विश्व स्तरीय चैंपियनशिप में सुमेध का मेडल जीतना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
दुनिया के खिलाड़ियों को दी मात
वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप का आयोजन 1 से 4 अगस्त तक नई दिल्ली में हुआ था। इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इंदौर निवासी सुमेध श्रीवास्तव का चयन भारत की ओर से हुआ था। सुमेध ने अपने शानदार प्रदर्शन से दुनियाभर के प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 11 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर सुमेध ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
साढ़े तीन साल की उम्र से शुरू हुई ट्रेनिंग
सुमेध के पिता डॉ. सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने साढ़े तीन साल की उम्र में ही बेटे को कराटे का प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया था। वर्तमान में सुमेध कराटे में ब्लैक बेल्ट है। वह अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 40 से भी अधिक मेडल जीत चुके हैं। डॉ. सुबोध ने शुरू में ही सुमेध की फुर्ती और कुछ कर गुजरने के जज्बे को भांप लिया था। इसलिए उन्होंने छोटी उम्र में ही उसे अर्निस की तैयारी भी शुरू करवा दी। उसी मेहनत का नतीजा है कि दिल्ली में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में सुमेध ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता।
आगे और मेडल जीतना है लक्ष्य-सुमेध
इस उपलब्धि पर सुमेध ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि मैंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है। आगे के लिए मेरा लक्ष्य है कि मैं वर्ल्ड चैंपियनशिप में अलग-अलग इवेंट खेलूं और गोल्ड मेडल जीतूं।”
क्या है अर्निस खेल?
अर्निस फिलीपींस का पारंपरिक मार्शल आर्ट है। इसमें लकड़ी की छड़ी, चाकू जैसे हथियारों की तकनीक और बिना हथियार के आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस खेल में स्पीड, स्टैमिना, तकनीक के साथ संतुलन बेहद महत्वपूर्ण है। कोच ने बताया कि भारत में यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
ये भी पढ़ें:ब्राह्मणों के सहारे यूपी की सत्ता में वापसी की तैयारी! नई रणनीति से सपा कितना बदल पाएगी सियासी समीकरण?