कटनी में पुलिस की ‘दादागिरी’! बारातियों को जमकर लाठियों से पीटा, 15 लोग घायल, जानें क्या है मामला
कटनी: पुलिस ने बारातियों को लाठियों से पीटा
MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से पुलिस की दादागिरी का मामला सामने आया है. कुठला पुलिस थाना क्षेत्र के इंद्रानगर गली नंबर – 4 में पुलिस ने बारातियों और घरातियों को जमकर पीटा. लाठियों से बर्बरता के साथ पिटाई की. किसी का हाथ फ्रैक्चर हो गया तो किसी का सिर फूट गया. पीड़ितों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है, तो वहीं पुलिस का कहना है कि उन पर पथराव किया गया.
‘पुलिस की पिटाई से 15 लोग घायल’
पीड़ितों का कहना है कि पुलिसवालों ने घरातियों और बारातियों पीटा गया. गलत तरीके से बात की. गालियां भी दे रहे थे. कुछ मिलाकर 14-15 लोग घायल हुए हैं. कुछ लोग रात में ही अपने घर लौट गए, वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
‘शादी तक नहीं होने दी’
पीड़ित सीताराम वर्मा ने बताया कि रात करीब 1 बजे बारात मैहर जिले के अमदरा से वधु पक्ष के घर पहुंची थी. इसी दौरान डायल 112 आई और पुलिसकर्मी बारातियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे. जब बारातियों ने मामले के बारे में जानने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई. जब बारातियों पुलिस पर हावी हुई तो कुछ देर के लिए वे चले गए.
उन्होंने आगे बताया कि पुलिसकर्मी दोबारा लौटे तो कई और लोगों को अपने साथ लेकर आए. लाठियों से मारने लगे. किसी का हाथ फ्रैक्चर हो गया, तो किसी का सिर फूट गया. दयनीय स्थिति बना दिया. दूल्हा-दुल्हन को रात करीब 2 बजे पुलिसवाले अपने साथ थाने ले गए. दोनों को कहीं और रखे थे. शादी भी नहीं हो पाई. 4 घंटे बाद जब सबको छोड़े तो घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया.
ASP ने कहा – पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया
ASP ने कहा कि ये पूरा मामला इंद्रानगर का है. दरअसल, पड़ोसियों ने शिकायत की थी कि शराब पीकर बारातियों ने उनके साथ मारपीट की है. पड़ोसियों ने बारातियों को तेज आवाज में डीजे बजाने से रोका था. उन्होंने आगे बताया कि डायल 112 वहां पहुंची तो उस पर पथराव किया गया. इस बारे में सूचना थाने को दी गई. थाने से और स्टाफ मौके पर पहुंचा तो उनके साथ बदतमीजी और पत्थरबाजी की जाती है. कई लोगों को समझाइश दी गई और मामला दर्ज किया गया है.