‘आंबेडकर देश के गौरव, अपमान बर्दाश्त नहीं’, प्रदर्शनकारी अड़े, 41 डिग्री तापमान में सड़क पर बैठे मंत्री-विधायक

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने आश्वासन दिया था कि 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे. लेकिन मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
Minister Tulsi Silavat sitting on the road and listening to the protesters.

सड़क पर बैठकर प्रदर्शनकारियों की बात सुनते हुए मंत्री तुलसी सिलावट.

MP News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के अडगांव में बाबा साहब आंबेडकर के बैनर को फाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुस्साए लोग बड़ी संख्या में शनिवार को भी कलेक्ट्रेट पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की. वहीं माहौल गरम होता देख मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक अर्चना चिटनिस भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों की समझाने की कोशिश की. इस दौरान मंत्री और विधायक भी 41 डिग्री की गर्मी में प्रदर्शनकारियों के साथ बीच सड़क पर बैठ गए.

‘आंबेडकर का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं’

मंत्री और विधायक के मौके पर पहुंचने के बावजूद प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे. इस दौरान मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक अर्चना चिटनिस भी बीच सड़क पर बैठ गए. तुलसी सिलावट ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि बाबा साहब आंबेडकर इस देश का गौरव हैं. उनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हालांकि मंत्री के आश्वासन का भी प्रदर्शनकारियों पर कोई असर नहीं हुआ. इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद थे और बाबा साहब का पोस्टर फाड़ने वालों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे. भीम आर्मी ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, हम पीछे नहीं हटेंगे.

बाबा साहब का पोस्टर फाड़ने का आरोप

पूरा मामला बुरहानपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के अडगांव गांव का है. यहां 17 अप्रैल को बाबा आंबेडकर की एक रैली का आयोजन किया गया था. जिसको लेकर एक दिन पहले ही पोस्टर लगाए गए थे. लेकिन आरोप है कि गुरुवार रात में ही किसी ने बाबा साहब के पोस्टर फाड़ दिए. जिसके बाद शुक्रवार को गुस्साए लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया और जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और गुस्साए ग्रामीणों को शांत करवाया.

वहीं शनिवार को गुस्साए लोगों ने एक बार फिर प्रदर्शन कर दिया. गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने आश्वासन दिया था कि 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे. लेकिन मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. गुस्साए लोगों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, वे नहीं मानेंगे.

ये भी पढे़ं: ठगी का ऐसा तरीका! एप्पल के प्रोडक्ट ऑनलाइन मंगाते थे, फिर नकली सामान भर देते थे; लगाया लाखों का चूना

ज़रूर पढ़ें