Rewa: पिस्टल के साथ सेल्फी ले रहा था फल व्यापारी, अचानक चली गोली, पेट में लगी, हालत गंभीर
थाना कोतवाली रीवा
Rewa Crime News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है. जहां एक फल व्यापारी को बंदूक के साथ सेल्फी लेना भारी पड़ गया. मोबाइल से सेल्फी लेने के दौरान पिस्टल चल गई और गोली व्यापारी के पेट में लग गई. पीड़ित को गंभीर अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां व्यापारी का इलाज चल रहा है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी में उस समय हड़कंप मच गया, जब पिस्टल के साथ सेल्फी लेने के दौरान अचानक गोली चल गई. गोली लगने से शुभम खटीक नामक घायल हो गया. बताया जा रहा है कि शुभम खटीक फल व्यापारी हैं और पिस्टल के साथ सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक फायर हो गया.
स्थानीय लोगों ने घायल अस्पताल पहुंचाया
गोली लगने की खबर सुनते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गोली युवक के पेट में लगी, जिसके बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
थाना प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पिस्टल कहां से आई और गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: न झाडू, न ब्रश… अपने हाथों से टॉयलेट सीट चमकाने लगे सांसद जनार्दन मिश्रा, पीला कुर्ता भी संभाला
फिलहाल घायल युवक का संजय गांधी अस्पताल में उपचार जारी है हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई और भी सामने आएगी.



