यूपी विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर सुगबुगाहट तेज, कब होगी बात, अमित शाह ने संजय निषाद को बताया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
Amit Shah Confers With Sanjay Nishad: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में बात हो चुकी है. उनसे जल्द चर्चा करने का आग्रह किया था. संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे समाज को आगे बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है. इस दौरान उन्होंने विपक्ष को जमकर घेरने का प्रयास किया. जानें शीट शेयरिंग को लेकर क्या बातचीत हुई.
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में यूपी चुनाव 2027 के लिए सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई थी. जिसमें सीट शेयरिंग पर उनसे चर्चा के लिए आग्रह किया तो उन्होंने उचित समय पर बातचीत करने की बात कही. यानी अभी सीट शेयरिंग को लेकर अभी कोई फाइनल बात नहीं हुई है.
विपक्ष ने समाज को ठगने का काम किया
इस दौरान संजय निषाद ने भाजपा की खूब तारीफ की और उनके कामों को याद दिलाया. उन्होंने कहा कि भाजपा मछुआरा समाज के लिए काफी महत्वपूर्ण काम किया है. हाथी, पंजा और साइकिल वालों को सत्ता मिली, लेकिन उन्होंने हमारे समाज के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि ठगने का काम किया है. हमारे पास वैश्विक नेता हैं, जिन्होंने हमारे समाज और देश के लिए बहुत कुछ किया है.
ये भी पढ़ेंः यूपी पंचायत चुनाव की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, बढ़े 40 लाख नए मतदाता, ऐसे चेक करें अपना नाम
राम मंदिर विवाद की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए
संजय निषाद ने राम मंदिर पर चंदे को लेकर चल रहे विवाद पर कहा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए, जांच के बाद ही कुछ कहना सही होगा. धर्मांतरण रोकने के लिए नए कानून को बनाने की जरूरत है. इसके साथ ही कॉलेजों में धर्मांतरण विरोधी सेल बनाने के प्रस्ताव लाना चाहिए. हम इसके समर्थन में हैं.