गलत मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ना अपराध, MP हाई कोर्ट ने कहा- पॉक्सो के तहत माना जाएगा यौन हमला

MP News: हाई कोर्ट ने कहा यदि किसी नाबालिग लड़की का हाथ यौन मंशा से पकड़ा जाता है, तो परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर इसे पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हमला माना जा सकता है.
Indore High Court (File Photo)

इंदौर हाई कोर्ट(File Photo)

MP News: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि यदि किसी नाबालिग लड़की का हाथ यौन मंशा से पकड़ा जाता है, तो परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर इसे पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हमला माना जा सकता है. हाई कोर्ट ने इस मामले में आरोपी की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी.

आरोपी ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती

जस्टिस आलोक अवस्थी की पीठ ने आरोपी की उस अपील पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की, जिसमें उसने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा को चुनौती दी थी. मामले में अंतिम सुनवाई 28 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जबकि हाईकोर्ट ने 16 नवंबर को अपना आदेश जारी किया.

घर में अकेली थी नाबालिग, विरोध के बावजूद नहीं छोड़ा हाथ

अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना 23 सितंबर 2020 की है. पीड़िता के घर पर यूसुफ नाम का व्यक्ति मिस्त्री का काम करता था. घटना के समय लड़की के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर यौन मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ लिया.

लड़की ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ नहीं छोड़ा. इसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में पहुंची और दरवाजा बंद कर लिया. आरोपी ने उसे इस घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी थी. बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई. इसके बाद रावजी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू हुई.

पीड़िता की गवाही को कोर्ट ने माना विश्वसनीय

हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पीड़िता की उम्र से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों और उसके बयान का परीक्षण किया. अदालत ने पाया कि पीड़िता ने घटना से जुड़े प्रमुख तथ्यों पर लगातार एक जैसा बयान दिया था. कोर्ट के मुताबिक, पुलिस के सामने दिए गए बयान और अदालत में हुई गवाही के बीच मामूली अंतर होना स्वाभाविक है.

इसी तरह मां और बच्ची के बयानों में छोटे-मोटे अंतर के आधार पर अभियोजन के पूरे मामले को खारिज नहीं किया जा सकता. पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि यौन अपराधों के मामलों में यदि पीड़िता की गवाही विश्वसनीय है, तो दोषसिद्धि के लिए उसे स्वतंत्र साक्ष्य से साबित करना हर मामले में अनिवार्य नहीं है.

हाई कोर्ट ने बरकरार रखी दोषसिद्धि और सजा

आरोपी की ओर से दलील दी गई थी कि केवल हाथ पकड़ने के आरोप के आधार पर उसे दोषी ठहराना उचित नहीं था. हालांकि, हाई कोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों और घटना की परिस्थितियों पर विचार करने के बाद ट्रायल कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई ठोस आधार नहीं पाया. इसके साथ ही आरोपी की अपील खारिज कर दी गई.

अदालत का यह फैसला पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 के तहत यौन मंशा से किए गए शारीरिक संपर्क की कानूनी व्याख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में केवल कृत्य के स्वरूप को नहीं, बल्कि उससे जुड़ी परिस्थितियों और यौन मंशा के प्रमाण को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें