Indore: इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की बदली सुरत, नई इमारत हुई तैयार, आज से शुरू होगा संचालन
लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन
Indore News: इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नया स्वरूप मिलने जा रहा है. स्टेशन की नई भवन संरचना पूरी तरह तैयार हो चुकी है और शुक्रवार से इसका चरणबद्ध संचालन शुरू किया जाएगा.
शुरुआत में स्टेशन मास्टर समेत विभिन्न विभागों के कार्यालय नई इमारत में शिफ्ट किए जाएंगे. इसके बाद अगले कुछ दिनों में टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और यात्रियों से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी नए भवन से संचालित होने लगेंगी.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई स्टेशन बिल्डिंग का आकार पुराने भवन की तुलना में काफी बड़ा है. आधुनिक वास्तुकला के अनुरूप तैयार किए गए इस भवन को भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या और रेल यातायात को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है. लगभग 100 मीटर लंबी और 40 मीटर चौड़ी इस इमारत में यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं.
ग्राउंड फ्लोर पर मिलेंगी अहम सेवाएं
भवन के भूतल पर विशाल प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग केंद्र, पूछताछ काउंटर, स्टेशन मास्टर कक्ष, स्वास्थ्य इकाई, आरपीएफ कार्यालय, पार्सल विभाग और अन्य आवश्यक प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. साथ ही यात्रियों के बैठने और आवागमन की बेहतर व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.
पहली मंजिल पर होंगे विभागीय कार्यालय
पहली मंजिल पर रेलवे के विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे. इनमें विद्युत, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार सहित कई शाखाएं शामिल हैं. इससे विभागों के बीच समन्वय बढ़ेगा और स्टेशन संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा.
स्टेशन विस्तार की योजना पर काम जारी
रेलवे प्रशासन स्टेशन के विस्तार की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है. योजना के तहत यहां दो नए प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे. नई इमारत के पूरी तरह चालू होने के बाद पुराने स्टेशन भवन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि विस्तार कार्य में तेजी लाई जा सके.
ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाने की तैयारी
अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के विस्तार के बाद यहां ट्रेनों का संचालन बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी. इससे इंदौर आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों को लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से संचालित किया जा सकेगा और मुख्य रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा.
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
रेलवे ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान संबंधित एजेंसियों को शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का मानना है कि नई सुविधाएं शुरू होने के बाद यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, वहीं स्टेशन की परिचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी.
ये भी पढे़ं- Indore Metro: अब रेडिसन चौराहे तक दौड़ेगी इंदौर मेट्रो, इस तारीख से आम जनता कर सकेगी सफर