MP News: ट्रैक्टर वाले SDM’ की पूरे झाबुआ में चर्चा, दबंगों से जमीन छुड़वाकर किसान के साथ खुद करवाई सोयाबीन की बुआई

MP News: एसडीएम ने दबंगों से जमीन पीड़ित को दिलवाई, बल्कि स्वयं पीड़ित के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर इस खेत में बुआई भी कर दी.
The SDM sat on a tractor and oversaw the sowing of soybeans.

एसडीएम ने ट्रैक्टर पर बैठकर करवाई सोयाबीन की बुआई

MP News: आपने एसडीएम को सामान्य रूप से निरीक्षण करते और उस पर कार्रवाई करते जरूर देखा होगा. लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि न केवल एसडीएम ने दबंगों से जमीन पीड़ित को दिलवाई, बल्कि स्वयं पीड़ित के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर इस खेत में बुआई भी कर दी. बुधवार को एसडीएम की इस कार्यप्रणाली ने सभी को चौंका दिया.

अब सभी लोग एसडीएम को ‘ट्रैक्टर वाले एसडीएम साहब’ कह रहे हैं. इस कार्यप्रणाली से कहीं न कहीं आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है. और एसडीएम का यह रवैया अब कहीं न कहीं दूसरे अधिकारियों के लिए प्रेरक भी बन रहा है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, जिले के कल्याणपुरा में ‘आपकी तहसील आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस शिविर का सबसे सकारात्मक और चर्चा का विषय वह क्षण रहा, जब एसडीएम ने दबंगों द्वारा कब्जाई गई जमीन को मुक्त कराकर न केवल पीड़ित किसान को वापस दिलवाया, बल्कि स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर किसान से सोयाबीन की बुआई भी करवाई. एसडीएम की इस त्वरित और जमीनी कार्रवाई ने इलाके के दबंगों में हड़कंप मचा दिया.

शिविर में मिलीं चार बड़ी शिकायतें, मौके पर ही निपटारा

शिविर के दौरान, जहां एक ओर आमजन अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए आए थे, वहीं एसडीएम मंडलोई को जमीन पर अवैध कब्जा करने और प्रताड़ित करने से जुड़ी चार गंभीर शिकायतें मिलीं. एसडीएम ने तहसीलदार और पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर इन विवादों का निपटारा किया.

पहला मामला (हीरा खदान)

आवेदक हवा पिता वजहींग निनामा ने शिकायत की थी कि सर्वे नंबर 16 और 19, कुल रकबा 0.82 हेक्टेयर पर गुला पिता सोमजी, बाला पिता धूलिया और नारू पिता धूलिया जबरन कब्जा जमाए बैठे हैं और उन्हें खेती नहीं करने दे रहे हैं. एसडीएम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जमीन को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराया और स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर पीड़ित किसान से सोयाबीन की बुआई करवाई.

दूसरा मामला (आमली पठार)

यहां शासकीय खसरा नंबर 69 पर दो पक्षों के बीच विवाद था. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जुवानसिंह रामा द्वारा डाली गई ईंटों को तत्काल हटवाया. इस दौरान राकेश दल्लू कटारा द्वारा शांति भंग करने का प्रयास किया गया, जिस पर पुलिस को धारा 151 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

तीसरा मामला (झरनिया)

ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि शासकीय भूमि खसरा नंबर 298 और 300 पर रास्ता रोका जा रहा है. एसडीएम ने अंतर वेलिया पुलिस के सहयोग से उक्त रास्ता तुरंत खुलवाया. वहीं चौथा मामला कल्याणपुरा का था, जहां रूपसिंह सोलंकी के रास्ते से जुड़े विवाद का भी मौके पर ही समाधान कराया गया और रास्ता खुलवाकर लोगों को राहत दिलाई गई.

कार्यशैली की हो रही सराहना

इन प्रकरणों को मौके पर ही सुलझाने के बाद एसडीएम महेश मंडलोई की कार्यशैली की ग्रामीण जमकर सराहना कर रहे हैं. शिविर में आज भारी संख्या में आवेदनों का निपटारा हुआ. कुल 61 नामांतरण, 13 बंटवारा, 22 अभिलेख दुरुस्ती, 36 जन्म प्रमाण पत्र, 75 फार्मर आईडी और 30 आरओआर (ROR) एंट्री के आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया.

ये भी पढे़ं- Rewa News: खेत में उतरे रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा…खुद थामा ट्रैक्टर, मिट्टी में बहाया पसीना और बोए अनाज

ज़रूर पढ़ें