‘जानबूझकर गलती की, अब इंटरनेशनल कोर्ट चले जाएं’, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने पर BJP सांसद का कांग्रेस पर तंज
भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल.
Input- शेख शकील
MP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का पर्चा रद्द होने पर सियासत गरमा गई है. खंडवा से भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर नामांकन में गलती की, ताकि हार का ठीकरा भाजपा पर फोड़ा जा सके.
‘अब सुप्रीम कोर्ट जाएं या अंतरराष्ट्रीय अदालत जाएं’
खंडवा पहुंचे सांसद पाटिल ने कहा, ‘राज्यसभा में हमें जीतना था. हमारे पास संख्या बल था. कांग्रेस को मालूम था कि उनका कैंडिडेट हारने वाला है, इसलिए अपना पाप छिपाने के लिए जानबूझकर फॉर्म में गलती की.’
कांग्रेस के सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी पर उन्होंने तंज कसा. पाटिल ने कहा, ‘जाने के लिए मनाही नहीं है. वो सुप्रीम कोर्ट जाए, अंतर्राष्ट्रीय अदालत में जाएं. लेकिन जो सही है, वो सही ही होगा.’
चुनाव आयोग की तारीफ की
पाटिल ने चुनाव आयोग के फैसले का समर्थन करते हुए कहा, ‘चुनाव आयोग सत्य के साथ है और सत्य का साथ दिया है. गलती आप कर रहे हैं, गलती छिपा रहे हैं और वह उजागर हो गई. लोकतंत्र पर कभी उन्होंने विश्वास नहीं किया. हमेशा गला घोंटने का काम किया. जहां जीत जाते हैं तो कहते हैं कि हम जीते. जहां हारते हैं तो चुनाव आयोग और EVM पर ठीकरा फोड़ते हैं.’
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 9 जून को स्क्रूटनी के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया. RO अरविंद शर्मा ने यह कार्रवाई भाजपा उम्मीदवार महेश केवट की शिकायत पर की. आरोप था कि नटराजन ने हलफनामे में हैदराबाद की एक अदालत से जुड़े 2025 के मामले की जानकारी छुपाई थी, जिसमें उन्हें नोटिस जारी हुआ था.
पर्चा रद्द होने के बाद MP की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों- तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को जीत का सर्टिफिकेट मिल गया है.
कांग्रेस का पलटवार
वहीं, नटराजन ने इसे BJP की साजिश बताया और कहा कि वोट चोरी के बाद अब सीट चोरी कर रहे हैं. कांग्रेस ने चुनाव आयोग से राहत नहीं मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है. अभिषेक मनु सिंघवी ने RO के फैसले को कानून के विपरीत बताया.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर बैठक बुलाई है और विधायक राष्ट्रपति से भी मुलाकात कर सकते हैं.
ये भी पढे़ं: एमपी में BJP के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी निर्विरोध विजयी, मिला जीत का सर्टिफिकेट, कांग्रेस पहुंची है सुप्रीम कोर्ट